Bihar Politics: BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार में भरी हुंकार, कार्यकर्ताओं को बताया 'राजद' का मतलब
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पटना में बिहार भाजपा के नेताओं को गठबंधन धर्म का पाठ पढ़ाया। उन्होंने राजग की जीत को सर्वोपरि बताते हुए अहंकार त्यागने की अपील की। नड्डा ने राजद को रंगदारी जंगलराज और दादागिरी का प्रतीक बताया और कहा कि बिहार में विकास हो रहा है। उन्होंने गरीबी में कमी और आवास योजना का भी उल्लेख किया। बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव की तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करने पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी नेताओं को गठबंधन धर्म का मर्म समझा गए।
राजकीय अतिथिशाला में नड्डा ने शनिवार को बिहार भाजपा के शीर्ष नेताओं, नीतीश सरकार में सम्मिलित भाजपा कोटे के मंत्रियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभावार सम्मेलन आदि बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
फीडबैक लेने के उपरांत संगठन एवं गठबंधन धर्म का पाठ पढ़ाया। राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की जीत को सर्वोपरि उद्देश्य बनाने के लिए व्यक्तिगत अहंकार त्यागने की अपील की।
आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने की ओर ध्यान आकृष्ट किया। सामाजिक पकड़ मजबूत बनाने के साथ ही राजग के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर बल दिया।
राजद का मतबल रंगदारी, जंगलराज, दादागिरी
नड्डाएक अन्य कार्यक्रम में नड्डा ने राजद का नया नामाकरण किया। राजद का मतलब समझाते हुए कहा कि ‘रा’ का मतलब ‘रंगदारी’, ‘ज’ का मतलब ‘जंगलराज’ और ‘द’ का मतलब ‘दादागिरी’ है। उन्होंने कहा कि आज मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के लोग विकास देख रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी और आज क्या है। 2005 से पहले तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और सत्ता समर्थित अपराध की राजनीति थी। आज राजग सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से देश में आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं।नड्डा ने कहा कि इसी तरह अत्यधिक गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने 14 करोड़ से अधिक घरों में नल के माध्यम से पानी और चार करोड़ से अधिक गरीब लोगों को आवास प्रदान किया है।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष के अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्रीद्वय सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं चुनाव समिति व कोर ग्रुप के सचिव प्रेम रंजन पटेल के अतिरिक्त अन्य वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।