Bihar: 'चरवाहा स्कूल वालों को... ', महागठबंधन सरकार पर बरसी BJP; 13 जुलाई को विधानसभा मार्च का किया एलान
Bihar Politics बेरोजगारी और राज्य सरकार द्वारा नौ बार शिक्षक नियुक्ति नियमावली में संशोधन के खिलाफ भाजपा 13 जुलाई को विधानसभा मार्च करेगी। मार्च गांधी मैदान से शुरू होगा और विधानसभा पहुंचेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने यह जानकारी शनिवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि मार्च के जरिए सरकार से 10 लाख लोगों को नौकरी देने के वादे पर जवाब मांगा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, पटना: बेरोजगारी और राज्य सरकार द्वारा नौ बार शिक्षक नियुक्ति नियमावली में संशोधन के खिलाफ भाजपा 13 जुलाई को विधानसभा मार्च करेगी। मार्च गांधी मैदान से शुरू होगा और विधानसभा पहुंचेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने यह जानकारी शनिवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि मार्च के जरिए सरकार से 10 लाख लोगों को नौकरी देने के वादे पर जवाब मांगा जाएगा। विधानसभा मार्च में भाजपा एमएलए और एमएलसी के अलावा पार्टी के नेता, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
मानसून सत्र महज पांच दिन का रखना निराशाजनक: सम्राट चौधरी
चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधानमंडल का मानसून सत्र महज पांच दिन का रखा गया है। राज्य में समस्याओं के अंबार के बीच छोटा सत्र होना निराशाजनक है।
उन्होंने कहा कि इस मार्च के जरिए सरकार से सीटीईटी, एसटीईटी पास अभ्यर्थियों को बिना परीक्षा लिए नियुक्ति करने और नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाए।
उन्होंने भ्रष्टाचार का जिक्र करते कहा कि सुल्तानगंज में 1710 करोड़ की लागत से बन रहा पुल पानी में बह गया, लेकिन आलम यह है कि एक एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई है।
चरवाहा विद्यालय वालों को शिक्षकों का अपमान नहीं करने देंगे : विजय सिन्हा
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि पुल पानी में बह जाता है और पुल निगम के एमडी नीरज सक्सेना को सजा देने की जगह पदोन्नति दी जाती है। जांच के लिए जो निगरानी है, उसी में तकनीकी सेल का अभियंता प्रमुख बना दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ये भ्रष्टचारियों को प्रोत्साहित करने की नीति है। उन्होंने राज्य में सड़कों पर शिक्षकों के हो रहे आंदोलन पर कहा कि चरवाहा विद्यालय वालों को शिक्षकों का अपमान नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, नितिन नवीन के अलावा एमएलसी अवधेश नारायण सिंह, नवल किशोर यादव, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिंह और अशोक भट्ट उपस्थित थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।