Bihar Politics: भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ मंथन, विधायकों को सौंपा गया ये काम
पटना में विधानमंडल सत्र के लिए भाजपा विधायकों की बैठक हुई जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक की अध्यक्षता की। महिला विस्तारकों के मंडलवार प्रवास कार्यक्रम और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा हुई। विधायकों को बूथ समितियों के गठन और सत्यापन का निर्देश दिया गया। भाजपा इस बार महिला विस्तारकों को चुनाव में उतारने जा रही है।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानमंडल के मानसून सत्र को लेकर आयोजित भाजपा विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित रही। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की।
बैठक में वक्ताओं ने मुख्य रूप से 25 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रवासी महिला विस्तारकों के मंडलवार प्रवास कार्यक्रम, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और सदन में उनकी उपस्थिति की ओर विधानसभा सदस्यों का ध्यान आकृष्ट कराया।
सभी विधायकों को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, बीएलए-1 और बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) बनाने के साथ-साथ बूथ समितियों का गठन और सत्यापन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। नेतृत्व ने संगठनात्मक कार्यक्रम की ओर भी सभी विधायकों का ध्यान आकृष्ट कराया।
आधी आबादी को लुभाने पर जोर
विधानसभा चुनाव में भाजपा पहली बार कई राज्यों से महिला विस्तारकों को मैदान में उतारकर प्रयोग करने जा रही है। इसमें दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा जैसे राज्यों की महिला विस्तारक अब विधानसभा चुनाव तक भाजपा के 1400 से ज़्यादा संगठनात्मक मंडलों में रहेंगी।
उनके लिए यात्रा सुविधाओं की व्यवस्था की ज़िम्मेदारी विधायकों, पूर्व विधायकों और विधान पार्षदों को दी गई है। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, प्रदेश महासचिव और संगठन महासचिव भी शामिल हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।