भाजपा ने खरगे पर लगाया बिहार का मजाक उड़ाने का आरोप, पूछा-15 साल लाठी बांटने वाले राजद को क्यों आई कलम की याद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बिहार छोटा-मोटा राज्य है। उनके इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने खरगे पर राज्य का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। जागरण आर्काइव।
जागरण टीम, पटना। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार किया। साथ ही लालू प्रसाद यादव के राजद की सत्ता के दौरान बिहार का हाल भी बताया।
दिलीप ने कहा कि राजद ने अपने शासनकाल में 15 साल बिहार में लाठी बांटी। अब उन्हें कलम वितरित करने की याद कहां से आ रही है। पटना में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए जायसवाल ने कहा कि राजद वालों के चेहरे को लोग अच्छी तरह पहचान गए हैं।
दिलीप ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बिहार को छोटा-मोटा राज्य कहने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खरगे बिहार का मजाक उड़ाते हैं। अगली बार यहां आएंगे तो लोग खुद उनसे प्रश्न करेंगे। दिलीप ने कहा कि विपक्ष का यह आरोप झूठा है कि बिहार से युवा पलायन कर रहा है। नीतीश कुमार के शासन ने 12 लाख को रोजगार दिया गया है।
इधर, लालू प्रसाद यादव के फिर से राजद अध्यक्ष बनने पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने हमला किया। पांडेय ने कहा कि लालू का अपनी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का 13वीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए आपदा है।
मंत्री ने कहा कि कोर्ट द्वारा आदतन भ्रष्टाचार के आरोपित व सजायाफ्ता लालू के लिए बिहार के विकास की बात सोचना भी उनकी कल्पना से परे है। 28 वर्षों से अपने दल के स्वयम्भू अध्यक्ष रहने वाले लालू प्रवृति से विकास विरोधी रहे हैं। उनका पूरा कार्यकाल बिहार के पिछड़ेपन, अविकास, अपराध, अपहरण व अराजकता का प्रतीक रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।