Bihar Weather Today: अरवल, भोजपुर सहित 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी; पढ़ें वेदर रिपोर्ट
बिहार में दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय है। पटना समेत कई जिलों में रविवार को झमाझम बारिश हुई जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गरज के साथ बारिश की संभावना है। तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया है।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून का प्रभाव बना हुआ है। रविवार को राजधानी सहित आसपास इलाकों में बादलों की लुका-छिपी के साथ दिन में उमस का असर बना रहा है।
शाम छह बजे मौसम के मिजाज में बदलाव आया। तेज हवा, मेघ गर्जन के साथ झमाझम वर्षा से लोगों को राहत मिली।
पटना सहित पूर्वी चंपारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, कैमूर, वैशाली, औरंगाबाद, गयाजी, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, बेगूसराय एवं मधुबनी जिले में रविवार को झमाझम वर्षा से मौसम सुहाना बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। रविवार को राजधानी में दोपहर तक 1.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस व 33.8 डिग्री सेल्सियस के साथ वाल्मिकी नगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों में रोहतास में 81.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सोमवार को पटना सहित आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कुछ स्थानों पर रूक-रूक कर वर्षा की संभावना है।
प्रदेश के पांच जिलों के अरवल, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के दक्षिण एवं उत्तर-पश्चिम भाग के जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
प्रदेश में अगले चार-पांच दिनों के दौरान मेघ गर्जन के साथ वर्षा के आसार है। राजधानी सहित 18 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
पटना के दानापुर में 27.6 मिमी, बेलछी में 56.2 मिमी, गयाजी के फतेहपुर में 77.0 मिमी, बक्सर के राजपुर में 64.0 मिमी, पटना के बेलछी में 56.2 मिमी, भभुआ के अधवारा में 52.0 मिमी, रोहतास के नौहट्टा में 48.4 मिमी, भोजपुर के चरपोखरी में 47.8 मिमी, गयाजी के मानपुर में 45.0 मिमी दर्ज किया गया।
गयाजी के टनकुप्पा में 42.6 मिमी, भोजपुर के पीरो में 42.2 मिमी, खगड़िया के बालतारा में 41.0 मिमी, जमुई के लक्ष्मीपुर में 38.6 मिमी, गयाजी के डुमरिया में 35.4 मिमी, भागलपुर के शाहकुंड में 32.4 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 30.2 मिमी, बक्सर के इटराही में 29.4 मिमी, नवादा के नारदीगंज में 28.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 32.1 तथा न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गयाजी का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, भागलपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें-
बिहार की राजधानी पटना समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।