Bihar Weather Today: कड़ाके की ठंड के बीच राहत के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अपडेट
प्रदेश के मौसम में शनिवार को बदलाव देखने को मिला। घने कोहरे के बाद शनिवार सुबह से ही धूप खिली रही जिसकी वजह से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। वहीं कोहरा कम होने के बाद ट्रेनों का परिचालन भी बेहतर हुआ है। कई ट्रेनें निर्धारित समय से थोड़ी ही देरी से चल रही है।

जागरण संवाददाता, पटना। लंबे समय के बाद शनिवार को राज्य के मौसम में सुधार देखा गया। शनिवार को सुबह से ही वातावरण में अच्छी धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले 15 दिनों से ठिठुर रहे राजधानीवासियों को थोड़ी गर्मी का अहसास हुआ।
गुनगुनी धूप का आनंद लेने के लिए लोग पार्कों एवं घर की छतों पर निकल पड़े। कई परिवार के लोग घर की छत पर बैठकर सुबह से शाम तक धूप का आनंद लेते रहे।
5 दिनों तक धूप खिलने के आसार
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम में सुधार के संकेत हैं। शनिवार को डेहरी राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां पर न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह से धूप खिलने से लोगों को मिली राहत।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। पश्चिमोत्तर भारत में ठंडी हवाओं का प्रवाह अभी जारी है। इसलिए बिहार के वातावरण में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे सुबह-शाम वातावरण में कनकनी महसूस हो रही है। इस तरह की स्थिति अगले चार से पांच दिनों तक बने रहने की उम्मीद है।
धूप निकलने के बाद वातावरण में गर्मी आ सकती है। सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
पछुआ ने बढ़ाई गति तो कोहरे में आई कमी
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में पछुआ के प्रवाह में काफी तेजी देखी जा रही है। पछुआ में तेजी आने के कारण ही उत्तर भारत में कोहरे में कमी देखी जा रही है। आकाश साफ हो गया है। ऐसे में दिन में धूप रहेगी, लेकिन रात में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है।
मगध सात तो ब्रह्मपुत्र मेल छह घंटे विलंबित
उत्तरी भारत में ठंड के कारण कुछ ट्रेनों का विलंब से परिचालन अभी जारी है। शनिवार को मगध सात घंटे विलंब से पहुंची। ब्रह्मपुत्र मेल छह घंटे विलंबित रही।
पटना-हटिया चार घंटा एवं गरीब रथ तीन घंटे विलंब से पहुंची। कोटा-पटना ढाई घंटे विलंबित रही। पूर्वा एक्सप्रेस एक, संपूर्ण क्रांति एवं विक्रमशिला एक्सप्रेस आधा घंटा विलंबित रही।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार को लेकर ट्रेनों के परिचालन में भी सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी कई ट्रेनों का विलंब से परिचालन जारी है।
आगे ट्रेनों की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद की जा रही है। धीरे-धीरे वातावरण में कोहरे में कमी आ रही है तो ट्रेनों की गति भी बढ़ती जा रही है। इससे यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है।
शनिवार को उत्तरी भारत के वातावरण में काफी सुधार देखा गया, उससे कई ट्रेनों के परिचालन ठीक हो गया। संपूर्ण क्रांति एवं विक्रमशिला जैसे महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन लगभग ठीक हो गया है। केवल मगध एवं ब्रह्मपुत्र मेल जैसे लंबी दूरी की ट्रेनें विलंब से पहुंची।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।