Bihar Weather: आरा-बक्सर सहित 5 जिलों में आज भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, मानसून को लेकर भी सामने आई ताजा जानकारी
प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं 18-20 जून तक मानसून आने की संभावना है। उत्तर बिहार में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश हो सकती है। बक्सर 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। गोपालगंज में सबसे ज्यादा 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में गर्म और आर्द्र दिन से लोगों को राहत मिलने के आसार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून के आगमन को लेकर अनुकूल परिस्थिति बनी हुई है।
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 18-20 जून के दौरान मानसून प्रवेश के प्रबल संभावना बन रही है। ऐसे में मानसून आगमन के दौरान वातावरण में बढ़ी हुई नमी, निम्न स्तर पर पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का मिश्रण तथा तापमान के उच्च स्तर के कारण तीव्र मेघ गर्जन, वज्रपात एवं तेज आंधी-तूफान की संभावनाएं प्रबल होने की संभावना है।
अगले दो दिनों के दौरान उत्तर बिहार के अधिसंख्य भागों में आंधी-पानी को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात के आसार है।
दक्षिणी भागों के भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद एवं भभुआ में गर्म और आर्द्र दिन रहने की प्रबल संभावना है। 17-20 जून के दौरान पटना सहित अधिसंख्य भागों में वर्षा, वज्रपात और मेघ गर्जन की चेतावनी है।
शनिवार को मधेपुरा व किशनगंज को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
41.5 डिग्री सेल्सियस राजधानी का एवं 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, सिवान, खगड़िया, सीतामढ़ी एवं सुपौल में वर्षा दर्ज की गई। गोपालगंज के कटैया में 15.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शनिवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों में गर्म और आर्द्र दिन रहने के कारण लोग दिन-रात परेशान रहे।
बिहार की राजधानी पटना समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
इन जगहों पर दर्ज हुई वर्षा
पश्चिम चंपारण में 12.8 मिमी, गाेपालगंज के भोरे में 6.8 मिमी, गोपालगंज के फुलवरिया में 4.2 मिमी, सिवान के दरौली में 4.2 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 2.4 मिमी, सीतामढ़ी के बथनाहा में 2.4 मिमी, सुपौल के परपतगंज में 1.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।