Bihar Weather: आज पटना में लीजिए मौसम का मजा! 5 जिलों में आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी, सावधान रहने की अपील
पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में मधुबनी में सबसे अधिक वर्षा हुई जबकि पटना के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। अगले 48 घंटों में तापमान में वृद्धि का पूर्वानुमान है।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी व आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।
उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य भागों के अलावा कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया एवं नवादा जिले में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ आंधी-पानी की चेतावनी है।
पूर्वी भागों के कुछ स्थानों पर आंधी-पानी को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 48 घंटे बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि का पूर्वानुमान है।
मंगलवार को पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ दिन में पछुआ के कारण मौसम शुष्क बना रहा।
बीते 24 घंटों के दौरान मधुबनी, अररिया, किशनगंज , गया, खगड़िया, कटिहार , मधुबनी, सुपौल, नालंदा, भागलपुर, मधेपुरा में वर्षा दर्ज की गई।
मधुबनी के अंधराथाड़ी में 60.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान पटना,गया, मुंगेर, वैशाली, छपरा, पूर्णिया को छोड़ कर शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना के अधिकतम तापमान में 24 घंटों के दौरान चार डिग्री गिरावट के साथ मंगलवार को 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद सबसे गर्म स्थान रहा।
प्रदेश के शेखपुरा, बांका, कटिहार, बेगूसराय एवं अररिया को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
इन स्थानों पर दर्ज की गई वर्षा
अररिया के नरपतगंज में 60 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 50.8मिमी, मधुबनी के राजनगर में 45 मिमी, मधुबनी के झंझारपुर में 45 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 44.2 मिमी, गया के मोहनपुर में 35 मिमी, खगड़िया के मानसी में 34.6 मिमी , कटिहार के बरसोई में 32.8 मिमी, मधुबनी के पंडौल में 32.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अररिया के फारबिसगंज में 31.6 मिमी, सुपौल के प्रतापगंज में 28.2 मिमी, राघोपुर में 26.4 मिमी, किशनगंज के दिघलबैंक में 26.2 मिमी, कटिहार में 25 मिमी , पूर्णिया के भवानीपुर में 21.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भागलपुर के बीहपुर में 21.4 मिमी, नालंदा के सिलाव में 18.4 मिमी , सुपौल के बसुआ में 18 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 16.8 मिमी, मधुबनी के मधेपुर में 16.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों के तापमान में गिरावट
गया के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट, अरवल में 2.3 डिग्री, सासाराम में चार डिग्री, बक्सर में 2.1 डिग्री, छपरा में 2.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में पांच डिग्री, दरभंगा में चार डिग्री, मोतिहारी में 2.6 डिग्री, समस्तीपुर में 4.3 डिग्री, मोतिहारी में 2.6 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 3.4 डिग्री, गोपालगंज में 1.6 डिग्री, भोजपुर में 2.4 डिग्री, डेहरी में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।