बिहार में ₹1200 करोड़ से होगा वाटर मेट्रो का विस्तार, कंगन घाट और पहलवान घाट पर बनेंगे इंटरनेशनल टर्मिनल
कोलकाता में निर्मित 'एमवी-गोमधरकुंवर' नामक इलेक्ट्रिक जलयान का पटना में वाटर मेट्रो के रूप में परिचालन शुरू हो गया है, जिससे लोगों में खुशी है।

एमवी-गोमधरकुंवर। फोटो जागरण
HighLights
MV-गोमधरकुंवर का पटना में वाटर मेट्रो के रूप में परिचालन शुरू।
₹1200 करोड़ से वाटर मेट्रो विस्तार योजना पर काम जारी।
कंगन घाट, पहलवान घाट पर बनेंगे विश्वस्तरीय टर्मिनल।
अहमद रजा हाशमी, पटना सिटी। कोलकाता के हावड़ा में हुगली नदी तट पर हुगली कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपए से तैयार वातानुकूलित इलेक्ट्रिक जलयान 'एमवी-गोमधरकुंवर' का मंगलवार को गंगा में वाटर मेट्रो के रूप में परिचालन शुरू होते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गयी।
छठ से पहले लोगों को एक नयी सौगात मिली है। गायघाट में बंदरगाह के समीप जमा हुए लोगों ने कहा कि गंगा में विकसित राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या एक पर वाटर मेट्रो शुरू होने से यात्रा सुगम होने के साथ ही पर्यटन क्षेत्र को रफ्तार मिलेगी।
पटना में मेट्रो, जेपी गंगा पथ, डब्ल डेकर पुल, कई ओवरब्रिज के बाद अब वाटर मेट्रो से बिहार के विकास में नया अध्याय जुड़ गया है।
बंदरगाह पर मौजूद भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण पटना के निदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 1200 करोड़ रुपए से वाटर मेट्रो की विस्तार योजना पर काम किया जा रहा है।
पटना में इसकी शुरूआत हो गयी है। तीन चरणों में वाटर मेट्रो योजना पूरा करने पर चर्चा चल रही है। बिहार सरकार तय करेगी कि किस रूट में और कहां से कहां तक वाटर मेट्रो का विस्तार करना है।
दीघा से NIT घाट पहुंचने में 30 मिनट, लौटने में 50 मिनट लगा
आइडब्लूएआइ के निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि वाटर मेट्रो 'एमवी-गोमधरकुंवर' को दीघा घाट से चल कर एनआइटी घाट पहुंचने में तीस मिनट और पानी के करंट के कारण यहां से दीघा घाट लौटने में 50 मिनट लगा। दोनों जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि एक बार फुल चार्ज होने के बाद जहाज ने अप और डाउन का सफर तय किया। इसमें इलेक्ट्रिक के साथ डीजल इंजन भी है। 42 मीटर लंबे इस जहाज में पचास यात्रियों के बैठने और पचीस के खड़े होकर सफर करने की सुरक्षित व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि इस जलयान का परिचालन अब पर्यटन विकास निगम द्वारा अपने नियम व शर्तों के साथ निर्धारित समय अनुसार किया जाएगा।
सभी सुविधाओं से सुसज्जित विश्व स्तरीय दो टर्मिनल बनेगा
आइडब्लूएआइ के अधिकारी ने बताया कि जलमार्ग का लाभ अब दिखने लगा है। यात्री क्रूज के साथ मालवाहक जहाजों का परिचालन बढ़ा है। इसे देखते हुए पटना के कंगन घाट और पहलवान घाट पर विश्वस्तरीय टर्मिनल बनाया जाएगा।
सभी सुविधाओं से सुसज्जित इस टर्मिनल पर जहाजों का ठहराव होगा। टर्मिनल निर्माण के लिए इन दोनों घाटों पर दो-दो एकड़ भूखंड आइडब्लूएआइ पटना को बिहार सरकार द्वारा आवंटित कर दिया गया है। निर्माण में लगभग दो सौ करोड़ रुपया खर्च होने की संभावना है। वर्ष 2029 से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।