बिहार का सूर्य मंदिर छठ के लिए तैयार, मेला तक पहुंचने के लिए फ्री बस सर्विस; थाने के पास बनेगी टेंट सिटी
औरंगाबाद जिला प्रशासन ने देव छठ मेले के लिए व्यापक सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम किए हैं। व्रतियों के लिए ...और पढ़ें

देव सूर्य मंदिर। बिहार पयर्टन
HighLights
देव छठ मेले के लिए नौ आवासन स्थल बनाए गए।
श्रद्धालुओं को मुफ्त यातायात और चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल और एसडीआरएफ तैनात।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। महापर्व छठ पर ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
देव छठ मेले में आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को ठहरने और आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जिलेवासियों और देव पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक तैयारी की जानकारी दी। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए कुल नौ आवासन स्थल बनाए गए हैं।
इनमें देव थाने के पास जिला प्रशासन की ओर से टेंट सिटी तैयार की जा रही है। सभी आवासन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, शौचालय, पेयजल और चापाकल की सुविधा होगी।
प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रात में ठहरने और दैनिक जरूरतें पूरी करने में परेशानी न हो।
मेला क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, जरूरी दवाइयों और चिकित्सा दल की तैनाती रहेगी।
श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क काउंटर भी बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
कुंड क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर मौजूद रहेंगे, ताकि जल संबंधी दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
मेला तक पहुंचना भी होगा आसान
भीड़ नियंत्रित करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को देव मोड़ से प्रखंड कार्यालय तक और माले नगर से बहुआरा मोड़ तक फ्री यातायात सुविधा मिलेगी।
इससे मेला क्षेत्र तक पहुंचने और लौटने में सहूलियत होगी। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्व तत्परता और संवेदनशीलता से निभाने का निर्देश दिया है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना है।
यह भी पढ़ें- अखाड़ों का शौर्य और भक्ति का ज्वार; भागलपुर में निकली मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, बुढ़िया काली मां सबसे आगे