विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखाड़ों का शौर्य और भक्ति का ज्वार; भागलपुर में निकली मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, बुढ़िया काली मां सबसे आगे

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:29 PM (IST)

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra : भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई, ...और पढ़ें

HighLights

  1. भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकली।

  2. बुढ़िया काली महारानी ने शोभायात्रा का नेतृत्व किया।

  3. अखाड़ों का शौर्य प्रदर्शन और भक्तिमय उत्साह दिखा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra : रात की नीरवता जैसे-जैसे गहराती गई, रेशमी शहर भागलपुर की सड़कें मां काली के गगनभेदी जयकारों और भक्तिमय उल्लास से सराबोर होती चली गईं। कहीं ढोल-नगाड़ों और ताशों की थाप, कहीं पारंपरिक अखाड़ों में युवाओं का हैरतअंगेज शौर्य-प्रदर्शन, तो कहीं भव्य रोशनी से जगमगाती मां काली की दिव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए उमड़ा आस्था का महासागर।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (7)

मंगलवार की देर रात मां काली की ऐतिहासिक विसर्जन शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ, तो पूरा शहर अध्यात्म और उत्साह के अनूठे रंग में डूब गया। सौहार्दपूर्ण परंपरा के अनुरूप परबत्ती की मां बुढ़िया काली महारानी ने शोभायात्रा का नेतृत्व किया। उनकी अलौकिक प्रतिमा रात ठीक 12 बजे शहर के हृदयस्थल स्टेशन चौक पर पहुंची।

इसके साथ ही भागलपुर की पारंपरिक विसर्जन यात्रा अपने चरम पर पहुंच गई। इस अनूठी सांस्कृतिक विरासत को देखने के लिए आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion

सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द का जीवंत स्वरूप

भागलपुर की काली विसर्जन यात्रा केवल प्रतिमाओं के जल-प्रवाह का आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह इस ऐतिहासिक शहर की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक सामाजिक जीवन का सबसे बड़ा उत्सव है। इसमें आस्था, धार्मिक अनुशासन, अखाड़ों की पारंपरिक युद्धकला और लोकसंस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। जुलूस के दौरान युवाओं का अदम्य उत्साह और शौर्य-प्रदर्शन जरूर दिखता है, लेकिन इसके समानांतर शहर की पहचान रही गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल भी पूरी मजबूती से नजर आती है।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (1)

परंपरा का क्रम: सबसे आगे बुढ़िया काली, अंत में निकलेंगी बम काली

वर्षों पुरानी सुस्थापित परंपरा के अनुसार शोभायात्रा में सबसे आगे परबत्ती की मां बुढ़िया काली महारानी चल रही हैं। इसके पीछे दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्र की प्रतिमाएं निर्धारित क्रमबद्ध व्यवस्था से आगे बढ़ रही हैं। शोभायात्रा स्टेशन चौक से वेरायटी चौक होते हुए निर्धारित विसर्जन मार्गों से गुजर रही है। सबसे अंत में बूढ़ानाथ क्षेत्र की विख्यात बम काली की प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना होगी।

Untitled design (10)

स्टेशन चौक पर केंद्रीय महासमिति की ओर से भव्य शिविर स्थापित किया गया है, जहां से शोभायात्रा के सुचारू संचालन और विभिन्न पूजा समितियों के बीच समन्वय का कार्य किया जा रहा है। महासमिति के मीडिया प्रभारी राकेश रंजन केसरी और प्रवक्ता गिरीश चंद्र भगत ने श्रद्धालुओं से अनुशासन और भक्तिभाव बनाए रखने की अपील की है। महासमिति ने अश्लील गीतों के प्रसारण और झांकियों में आपत्तिजनक दृश्यों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया है।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (2)

ड्रोन और सीसीटीवी से कड़ी निगरानी, दोपहर एक बजे से विसर्जन

विधि-व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के सीधे पर्यवेक्षण में संवेदनशील स्थलों और भीड़-भाड़ वाले चौराहों की निगरानी ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी नेटवर्क से की जा रही है।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (6)

दंडाधिकारियों और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ वरीय प्रशासनिक अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। बुधवार 11 नवंबर को दोपहर एक बजे से बड़ी खंजरपुर स्थित मुख्य काली विसर्जन घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन आरंभ होगा। इसके अलावा चंपा नदी घाट और मकदूम शाह दरगाह घाट सहित अन्य चिन्हित तटों पर भी प्रतिमाओं को विसर्जित किया जाएगा।

Untitled design (11)

नाथनगर: 18 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन

मां काली की भावभीनी विदाई पर मंगलवार को नाथनगर भक्ति के रंग में डूबा रहा। पूजा समिति के महामंत्री देवाशीष बनर्जी ने बताया कि शहरी और ग्रामीण इलाकों की कुल 18 काली प्रतिमाओं को मंगलवार देर रात तक शांतिपूर्ण माहौल में विसर्जित कर दिया गया।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (8)

32 फीट की बमकाली आज निकलेंगी

चंपानगर की श्यामा काली और मसकन बरारीपुर काली को मकदूम शाह दरगाह घाट पर, नरगा की बुढ़िया काली को बंगाली टोला घाट पर तथा अन्य 18 प्रतिमाओं को चंपापुल घाट पर विसर्जित किया गया, जबकि 9 ग्रामीण प्रतिमाओं का विसर्जन स्थानीय पोखरों में हुआ।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (3)

सुभाष चौक व घोषीटोला चौक पर पूजा समिति के अध्यक्ष पप्पू यादव की देखरेख में सेवा शिविर चलाए गए। नगर डीएसपी-2 राकेश कुमार, इंस्पेक्टर परमेश्वर सहनी और ललमटिया थानाध्यक्ष बिपिन कुमार सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। इधर, पूरे सूबे में प्रसिद्ध बहबलपुर की 32 फीट ऊंची विशालकाय बमकाली प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को कंझिया बायपास मार्ग होते हुए चंपानदी घाट पर कराया जाएगा।

Bhagalpur Kali Visarjan Shobhayatra Grand Procession Devotion (5)

कहलगांव, पीरपैंती, बिहपुर और जगदीशपुर में आस्था का ज्वार

  • कहलगांव: शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मां काली के दर्शन-पूजन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। खोइछा और डालिया चढ़ाने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कहलगांव रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित प्रतिमा का कृत्रिम तालाब में विसर्जन कर दिया गया है, जबकि खुटहरी, भोलसर, एकचारी, शिवनारायणपुर आदि क्षेत्रों की प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को संपन्न कराया जाएगा।

  • पीरपैंती: सोमवार रात से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला जारी है। शेरमारी बाजार, सुंदरपुर और रेलवे स्टेशन परिसर की प्रतिमाओं का भव्य जुलूस आतिशबाजी के बीच मंगलवार शाम निकाला गया और नम आंखों से विदाई दी गई। थानाध्यक्ष पंकज राउत की मौजूदगी में पुलिस बल मुस्तैद रहा। कालीप्रसाद, कामतटोला, ईशीपुर, एकचारी, बाखरपुर आदि की प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को होगा, जबकि पकड़िया की प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार को तय है।

  • बिहपुर: औलियाबाद पुरानी काली मंदिर व झंडापुर कुंवर काली मंदिर की प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को भक्तिभाव से संपन्न हुआ। बिचली कालीस्थान औलियाबाद व लत्तीपुर की प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को लत्तीपुर सीकिया गंगाघाट और जमालपुर रेलढाला सरोवर में किया जाएगा।

  • जगदीशपुर: हड़वा, कुंडी जमगांव, बलुआचक और कोला नारायणपुर स्थित प्राचीन बड़ी तालाब काली मंदिर में दो दिवसीय मेले में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ बलि भी अर्पित कर रहे हैं।

  • यह भी पढ़ें- स्वच्छता का संकल्प: भागलपुर के बरारी घाट पर चला सफाई अभियान, मां काली की विदाई के साथ छठ की तैयारियों में जुटा शहर

    देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।