स्वच्छता का संकल्प: भागलपुर के बरारी घाट पर चला सफाई अभियान, मां काली की विदाई के साथ छठ की तैयारियों में जुटा शहर
Bhagalpur Chhath Ghat Cleanliness Barari Pul Ghat: दीपावली के बाद भागलपुर में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ...और पढ़ें
-1794366132726_m.webp)
Bhagalpur Chhath Ghat Cleanliness Barari Pul Ghat: छठ घाट की सफाई की जा रही है
HighLights
भागलपुर के बरारी पुल घाट पर सफाई अभियान चला।
तारा गंगा फाउंडेशन और मंजूषा केंद्र ने श्रमदान किया।
दीपावली के कचरे से अटा घाट स्वच्छ किया गया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Chhath Ghat Cleanliness Barari Pul Ghat: दीपावली का उल्लास संपन्न होने के बाद रेशमी शहर भागलपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ के अनुरूप स्वच्छता, शुचिता और सामूहिक अनुशासन का अभ्यास शुरू हो गया है। शहर में मंगलवार शाम से आरंभ हुई मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्राएं आज (बुधवार) शाम तक पूरी कर ली जाएंगी। प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही शहरवासी पूरी तरह से छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान की तैयारियों में रम गए हैं।
विदित हो कि छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, आत्मसंयम और प्रकृति संरक्षण के प्रति गहरी निष्ठा का विधान है। व्रती जिस कठोर अनुशासन से नियमों का पालन करते हैं, समाज भी उसी भाव से घाटों और पहुंच मार्गों को स्वच्छ व सुगम बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। इसी सामूहिक दायित्व को निभाते हुए शहर के सामाजिक संगठन भी अब सीधे धरातल पर उतर आए हैं।
बरारी पुल घाट पर तारा गंगा फाउंडेशन और मंजूषा केंद्र का साझा श्रमदान
दैनिक जागरण की ओर से चलाए जा रहे छठ घाट सफाई महाअभियान के तहत शहरी क्षेत्र के प्रमुख बरारी स्थित पुल घाट पर तारा गंगा विकास फाउंडेशन और मंजूषा कला प्रशिक्षण केंद्र के सदस्यों ने मिलकर व्यापक स्तर पर श्रमदान किया। स्वयंसेवकों ने घंटों पसीना बहाकर गंगा तट और सीढ़ियों पर बिखरी पूजन सामग्री, सड़े-गले फूल, प्लास्टिक और कचरे को एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
-1794366082163.webp)
दीपावली की पूजन सामग्री से अटा पड़ा था गंगा तट
दीपावली पर्व पर घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश पूजन के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने पुरानी मूर्तियां, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री गंगा तट पर प्रवाहित करने के बजाय किनारे पर ही छोड़ दी थी। इसके चलते बरारी पुल घाट का एक बड़ा हिस्सा गंदगी और कचरे से पट गया था। इससे गंगा स्नान करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
आगामी 13 नवंबर से शुरू हो रहे छठ महापर्व पर इस घाट पर उमड़ने वाली व्रतियों की भारी भीड़ को देखते हुए दोनों सामाजिक संगठनों ने आगे बढ़कर सफाई का बीड़ा उठाया।
मंजूषा कलाकार एवं गुरु मनोज कुमार पंडित ने कहा कि दीपावली से लेकर छठ तक सनातन परंपरा में स्वच्छता का सर्वोच्च महत्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामाजिक संस्थाएं हमेशा तत्पर रहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व संपन्न होने के बाद भी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि गंगा की अविरलता और निर्मलता प्रभावित न हो।
गंगा तट को स्वच्छ रखने की दिलाई गई सामूहिक शपथ
श्रमदान के उपरांत मंजूषा गुरु मनोज पंडित ने घाट पर मौजूद सभी स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्वयं कभी नदी तट को गंदा नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को गंगा में पूजन सामग्री या प्लास्टिक कचरा फेंकने देंगे।
अभियान में इन्होंने दिया अपना अमूल्य योगदान
गंगा तट को निर्मल बनाने के इस पुनीत कार्य में तारा गंगा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन सिंह कुशवाहा और मंजूषा गुरु मनोज कुमार पंडित के साथ काशी कांत सिंह, अंकुश कुमार, अशोक ठाकुर, आनंदी साह, मनमान मंडल, अशोक महालदार, प्रभु जायसवाल, गोपाल साह, सचिन ठाकुर, अजय मंडल, मनोहर ठाकुर, रामदास यादव, शुभम कुमार, रघुवर, लाली पासवान, सुमित ठाकुर, गणेश ठाकुर, नीतीश कुमार, पंकज मिश्रा, पुतुल देवी, बबीता देवी, किशन देवी, प्रमिला देवी, निशा देवी, मानवी कुमारी, कविता कुमारी, कोमल कुमारी, शंकर जायसवाल, छोटू कुमार, तूफानी और मनीष ठाकुर सहित दर्जनों सदस्यों ने सक्रिय श्रमदान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।