पटना में 5 नवंबर तक बंद रहेगा राजेंद्रनगर ROB, इन रास्तों से निकलें; मेट्रो निर्माण को लेकर फैसला
पटना मेट्रो निर्माण कार्य के चलते राजेंद्रनगर रेलवे ओवरब्रिज 5 नवंबर तक बड़े वाहनों के लिए बंद रहेगा। टनल बोरिंग ...और पढ़ें

पटना मेट्रो के कार्य की वजह से राजेंद्रनगर फ्लाईओवर बंद करने से लगा जाम। जागरण
HighLights
राजेंद्रनगर फ्लाइओवर 5 नवंबर तक रहेगा बंद।
पटना मेट्रो टनल निर्माण कार्य के कारण प्रतिबंध।
बड़े वाहन प्रतिबंधित, छोटे वाहनों को आवाजाही की छूट।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना मेट्रो निर्माण कार्य के कारण राजेंद्रनगर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर 5 नवंबर तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
पुल पर टनल निर्माण और रेलवे क्रासिंग से जुड़े कार्य के तहत टनल बोरिंग मशीन (TBM) को राजेंद्रनगर टर्मिनल से दक्षिणी गुलजारबाग की ओर ले जाने की प्रक्रिया चल रही है।
सुरक्षा मानकों और कंपन से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह कार्य किया जा रहा है। इस दौरान बड़े वाहनों और चारपहिया गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
बड़े वाहनों और चारपहिया गाड़ियों की आवाजाही पर रोक
जबकि बाइक, ई-रिक्शा, रिक्शा और टेंपो का परिचालन जारी रहेगा। निर्माण कार्य में करीब 10 से 12 दिन लगने का अनुमान है।
यदि काम निर्धारित समय से पहले पूरा हो जाता है, तो यातायात पहले की तरह बहाल कर दिया जाएगा। राजेंद्रनगर फ्लाइओवर पर प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने आरएन सिंह मोड़ और बहादुरपुर की ओर जाने वाले वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की है।
चिरैयाटांड़ पुल की ओर से आने वाले वाहनों को कंकड़बाग मेन रोड की तरफ भेजा जा रहा है। वहीं, कुछ वाहन चालक कांटी फैक्ट्री रोड से मुन्ना चक होते हुए ओल्ड बाइपास की ओर जा रहे हैं।
सोमवार को अचानक पुल बंद होने से हुई परेशानी के बीच स्थानीय लोगों ने यातायात बदलाव की पूर्व सूचना नहीं दिए जाने से आक्रोशित दिखे।

बिना पूर्व सूचना पुल बंद होने से भड़के लोग, हंगामे के बाद हटाए गए पत्थर
राजेंद्रनगर फ्लाइओवर को सोमवार को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिए जाने से लोगों को काफी परेशानी हुई। आसपास की सड़कों पर जाम लग गया।
पुल के रास्ते को पत्थरों से घेरकर बंद किया गया था। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने घेराव के लिए लगाए गए पत्थरों में से एक-दो पत्थर हटा दिए।
लोगों का कहना था कि इतने बड़े स्तर पर यातायात में बदलाव करने से पहले सूचना दी जानी चाहिए थी। अचानक पुल बंद होने से कई वाहन चालक उसी रास्ते पर पहुंच गए और उन्हें वापस लौटने या दूसरे मार्ग से जाने में परेशानी हुई।
राजेंद्रनगर फ्लाइओवर बंद होने का असर आसपास की सड़कों पर भी दिखा। आरएन सिंह मोड़ पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई वाहन चालक यहां से मुड़कर राजेंद्रनगर पुल की ओर जाने लगे, जिससे पुल पर चढ़ने वाले रास्ते पर जाम की स्थिति बन गई।
