Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगे गुरुजी, क्लास में बच्चे खेल रहे कैरम; मिट्टी खोद बीत रहा समय

    Updated: Sat, 05 Jul 2025 03:22 PM (IST)

    मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में शिक्षकों को लगाए जाने से जिले के करीब दो सौ से अधिक स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो गई है। बीचोबीच स्थित मध्य विद्यालय सैदपुर में प्रधान सहित कुल सात शिक्षक कार्यरत हैं जबकि बच्चों की संख्या सौ से अधिक है। यहां के प्रधान सहित सभी शिक्षकों को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में लगा दिया गया है।

    Hero Image
    पढ़ाई न होने के कारण कक्षा में कैरम खेलते छात्र। जागरण।

    रवि कुमार, पटना। गुरुजी की चुनावी ड्यूटी, विद्यालयों में पढ़ाई की 'छुट्टी'। मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में शिक्षकों को लगाए जाने से जिले के करीब दो सौ से अधिक स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो गई है। कई स्कूलों के प्रधान शिक्षकों को भी मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में लगा दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजधानी के बीचोबीच स्थित मध्य विद्यालय, सैदपुर में प्रधान सहित कुल सात शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि बच्चों की संख्या सौ से अधिक है। यहां के प्रधान सहित सभी शिक्षकों को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में लगा दिया गया है। दैनिक जागरण टीम पहुंची तो यहां का दृश्य ही कुछ अलग था।

    स्कूल खुला था और बच्चे भी आए थे, लेकिन बच्चे पढ़ाई की जगह कक्षा में कैरम की गोटी चटकाते मिले। कुछ बच्चे मैदान में मिट्टी खोदते मिले। कुछ लड़कियां बेंच पर बैठकर गपशप करतीं दिखीं। ये बच्चे समय होने पर मध्याह्न भोजन कर बिना पढ़ाई किए लौट जा रहे हैं।

    विदित हो कि मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण का कार्य 26 जुलाई तक चलना है। हैरत की बात है कि यह स्कूल जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय से मात्र सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है। यह स्थिति यहां से कुछ दूरी पर स्थित मध्य विद्यालय, संदलपुर की भी है। यहां के भी प्रधान शिक्षक सहित सभी शिक्षकों को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में लगा दिया गया है। 

    प्रधान शिक्षक को इस कार्य से अलग रखने का आग्रह

    मध्य विद्यालय, सैदपुर के प्रधान शिक्षक प्रेम रंजन ने बताया कि सभी शिक्षकों को मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य में लगा दिए जाने से शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद है। मुझे भी इसी कार्य में लगा दिया गया है। इसके बावजूद समय पर स्कूल खोलना है। बंद करने का कोई आदेश नहीं है।

    इसकी लिखित शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी से की है। पत्र के माध्यम से कम से कम प्रधान शिक्षक को इस कार्य से अलग रखने का आग्रह किया है। अभी तक इस पर विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। 

    मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में लगाए जाने से जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी हो गई है, वहां आसपास के स्कूलों से शिक्षक प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। किसी भी स्कूल में पढ़ाई बाधित नहीं होगी। ऐसे स्कूलों की जानकारी मांगी गई है। 

    साकेत रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना