Bihar Voter List 2025: बिहार की अगली सरकार का फैसला करेंगे 7.80 करोड़ मतदाता, 30-39 उम्र वालों पर नजर
बिहार की अगली सरकार का फैसला 7.80 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। 20 से 49 वर्ष की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या लगभग 68 प्रतिशत है। मतदाता सूची में पिछले वर्ष की तुलना में सात लाख 94 हजार 466 नए मतदाता जुड़े हैं। 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या आठ लाख आठ हजार 857 है। मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए अभी तीन मौके और मिलेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार की अगली सरकार का निर्णय 7.80 करोड़ से कुछ अधिक मतदाता करेंगे। इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में इन्हें ही विभिन्न गठबंधनों और दलों के भाग्य का निर्णय करना है। इनमें लगभग 68 प्रतिशत मतदाता 20 से 49 वर्ष की उम्र वाले हैं। यह निर्वाचन आयोग का आंकड़ा है, जिसने मंगलवार को बिहार की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया। इसमें सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की संख्या समाहित है।
पहली जनवरी, 2025 के आधार पर मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ है। सूची में पिछले वर्ष की तुलना में सात लाख 94 हजार 466 नए मतदाता जुड़े हैं। वर्ष 2025 की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्य के मतदाताओं की संख्या बढ़कर अब सात करोड़ 80 लाख 22 हजार 933 हो गई है।
इसमें 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या आठ लाख आठ हजार 857 है। प्रारूप प्रकाशन में लिंगानुपात 910 था, जो बढ़कर 914 हो गया है। यानी कि प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या 914 है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा पहली जनवरी, 2025 की उम्र को आधार मानकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया था। 29 अक्टूबर, 2024 को प्रारूप का प्रकाशन हुआ था। प्रारूप प्रकाशन के बाद मतदाताओं से नाम सम्मिलित करने और हटाने को लेकर आवेदन-पत्रों की मांग की गई।
मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने के लिए 12 लाख तीन हजार नौ सौ मतदाताओं ने आवेदन किया। इसी अवधि में राज्य भर से कुल चार लाख नौ हजार 434 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
चुनाव से पहले अभी तीन अवसर:
मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए अर्हता तिथि पहली जनवरी के अतिरिक्त अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर की पहली तारीख भी है। अंतिम प्रकाशन के बाद भी मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। पहली जनवरी के गुजर जाने के बाद भी इस कैलेंडर वर्ष में अभी अर्हता की तीन तिथियां उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन या ऑफलाइन तरीके से अर्हता प्राप्त कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन करने के लिए आवेदन कर सकता है। वोटर हेल्प-लाइन एप या वेबसाइट (voter.eci.gov.in) में लाग-इन कर आवेदन किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन के लिए प्रखंड, अनुमंडल या जिला निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। हेल्प-लाइन नंबर 1950 पर इससे संबंधित जानकारी ली जा सकती है।
मतदाताओं के आंकड़े
पुरुष मतदाता | 40763352 |
महिला मतदाता | 37257447 |
थर्ड जेंडर | 2104 |
सर्विस वोटर | 165493 |
कुल मतदाता | 78022933 |
उम्रवार मतदाताओं की संख्या
18-19 वर्ष | 808857 |
20-29 वर्ष | 15590481 |
30-39 वर्ष | 20424920 |
40-49 वर्ष | 16926086 |
50-59 वर्ष | 11426964 |
60-69 वर्ष | 7272135 |
70-79 वर्ष | 3965963 |
80 वर्ष से ऊपर | 1607527 |
पटना जिले में बढ़े 40,407 मतदाता, 50 लाख का आंकड़ा पार
पटना जिले की मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या एक साल में बढ़कर 50 लाख का आंकड़ा पार कर गया। संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम प्रकाशन की अधिसूचना जारी कर दी। संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 64 हजार 749 नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया, लेकिन 24 हजार 342 का नाम हटाने के बाद कुल 40 हजार 407 मतदाता बढ़े हैं।
जिले में मतदाताओं की संख्या में अच्छी वृद्धि पर जताया हर्ष
जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर पटना जिले की निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन सभी 14 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए किया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, 2025 की अवधि में दिनांक 29 अक्टूबर 2024 को प्रारूप प्रकाशन के पश्चात निर्वाचक सूची में 64,749 निर्वाचकों का नाम जोड़ा गया है। जिलाधिकारी संख्या में अच्छी वृद्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।