विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में अगले 3 साल में शुरू होंगे 7 नए एयरपोर्ट, मुजफ्फरपुर-सहरसा से लेकर सोनपुर-अजगैबीनाथ तक का बदला नक्शा

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में अगले तीन साल में सात नए हवाई अड्डे शुरू होंगे, जिनमें मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर, सहरसा, सोनपुर और अजगैबीनाथ शामिल हैं। 

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. बिहार में अगले तीन साल में सात नए हवाई अड्डे बनेंगे।

  2. उड़ान योजना के तहत पांच हवाई अड्डे विकसित किए जा रहे हैं।

  3. सोनपुर और अजगैबीनाथ ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे 2030 तक तैयार।

राज्य ब्यूरो, पटना। अगले तीन साल में बिहार में सात नए हवाई अड्डे शुरू होंगे। इनमें मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डे उड़ान योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं।

वहीं, सोनपुर और अजगैबीनाथ ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे भी 2030 तक बन जाएंगे। नए एयरपोर्ट शुरू होने से राज्य में हवाई संपर्क बढ़ेगा और पर्यटन, व्यापार तथा आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह जानकारी शुक्रवार को सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उन्नयन का काम पूरा हो चुका है। दरभंगा में नया टर्मिनल और 3700 मीटर लंबा रनवे बनाया जा रहा है। टर्मिनल का निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। यहां कार्गो हब बनाने के लिए भी जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।

पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास के लिए 67.18 एकड़ जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंपी गई है। यहां 294.05 करोड़ रुपये से सिविल एन्क्लेव बनाया जा रहा है।

घने कोहरे और कम दृश्यता में भी उतरेंगे विमान

देवरे के अनुसार गया एयरपोर्ट पर सीएटी-1 लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इस सुविधा से घने कोहरे और कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होगी।

टर्मिनल और रनवे का निर्माण शुरू

उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट पर टर्मिनल और रनवे का निर्माण शुरू हो गया है। वाल्मीकिनगर में टर्मिनल पर 27.15 करोड़ और रनवे पर 23.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। यहां टर्मिनल और रनवे पर क्रमशः 30.48 करोड़ और 28.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सहरसा में रनवे के विस्तार के लिए 12 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इस पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार की अदालत का अनोखा फैसला: ट्यूशन पढ़ाने की शर्त पर अपहरण के आरोपी को दी जमानत, रक्तदान भी करना होगा  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।