बिहार की अदालत का अनोखा फैसला: ट्यूशन पढ़ाने की शर्त पर अपहरण के आरोपी को दी जमानत, रक्तदान भी करना होगा
सहरसा की एक अदालत ने अपहरण के आरोपी को अग्रिम जमानत दी है, लेकिन उस पर सामाजिक दायित्व भी निर्धारित किए हैं। आरोपी को छह महीने तक 20 बच्चों को मुफ्त शिक्षा देनी होगी और रेडक्रॉस में रक्तदान भी करना होगा।
-1795898242898_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अपहरण के आरोपी को सहरसा कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली।
आरोपी को छह महीने तक 20 बच्चों को मुफ्त पढ़ाना होगा।
रेडक्रॉस में रक्तदान कर प्रमाणपत्र न्यायालय में जमा करना होगा।
जागरण संवाददाता, सहरसा। अपहरण के एक मामले में आरोपित युवक को जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चतुर्थ अग्रिम जमानत मिल गई है। हालांकि जमानत देने के साथ न्यायालय ने आरोपित पर सामाजिक दायित्व भी निर्धारित किया है।
उसे अगले छह महीने तक अपने गांव के 20 बच्चों को प्रतिदिन तीन घंटे मुफ्त शिक्षा देनी होगी। इसके अलावा आरोपित को रेडक्रास सोसाइटी, सहरसा में रक्तदान कर उसका प्रमाणपत्र भी न्यायालय में जमा करना होगा।
मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 222/2026 से जुड़ा है। इस मामले में सिमरन कुमार उर्फ अश्वनी राज की ओर से अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी। 25 नवंबर 2026 को पारित आदेश में न्यायालय ने आरोपित की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली।
युवती के बयान को बनाया जमानत का आधार
अभियोजन पक्ष के अनुसार, सूचक रंजीत शर्मा ने आरोप लगाया था कि 14 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री शौच के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपित उसे जबरन अपने साथ ले गया।
बाद में जब सूचक आरोपित के घर पूछताछ करने पहुंचे तो उसके माता-पिता पर धमकी देने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि युवती बालिग है।
उसके जन्म की तारीख 11 मई 2008 है। न्यायालय में रखे गए पक्ष के अनुसार, युवती ने धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज अपने बयान में कहा है कि वह अपनी इच्छा से आरोपित के साथ गई थी और उससे शादी कर ली थी।
अभियोजन पक्ष की ओर से जमानत का विरोध किया गया, लेकिन यह भी स्वीकार किया गया कि युवती ने अपने बयान में आरोपित के विरुद्ध कोई आपत्तिजनक या आरोप पुष्ट करने वाली बात नहीं कही है।
20 बच्चों को पढ़ाने और रक्तदान की शर्त
न्यायालय ने युवती के बयान और उसके बालिग होने के तथ्य पर विचार करते हुए आरोपित को गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की स्थिति में चार सप्ताह के भीतर संबंधित न्यायालय में दो जमानतदारों के साथ 10-10 हजार रुपये के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। जमानत के साथ सामाजिक कार्य की शर्त भी जोड़ी गई है।
आरोपित को अपने गांव के 20 बच्चों को छठी कक्षा तक मुफ्त ट्यूशन देना होगा। इनमें कम से कम 10 बच्चे बीपीएल श्रेणी के परिवारों से होने चाहिए। बच्चों को सप्ताह में पांच दिन प्रतिदिन तीन घंटे पढ़ाना होगा।
यह व्यवस्था लगातार छह महीने तक चलेगी। प्रत्येक महीने बच्चों के अभिभावकों से पढ़ाई का प्रमाणपत्र लेकर न्यायालय में जमा करना होगा। छह महीने पूरे होने पर संबंधित क्षेत्र के मुखिया, सरपंच अथवा वार्ड पार्षद से भी प्रमाणपत्र प्राप्त कर न्यायालय में देना होगा।
इसके अतिरिक्त आरोपित को रेडक्रास, सहरसा में रक्तदान कर उसका प्रमाणपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इन शर्तों के साथ न्यायालय ने अग्रिम जमानत याचिका का निष्पादन कर दिया।
यह भी पढ़ें- 75 करोड़ रुपये से हाईटेक होगा भागलपुर जंक्शन, सेंट्रलाइज पैनल से बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।