विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

75 करोड़ रुपये से हाईटेक होगा भागलपुर जंक्शन, सेंट्रलाइज पैनल से बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड 

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:15 AM (IST)

भागलपुर जंक्शन पर 75 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण का कार्य शुरू हो गया है, जिसका लक्ष्य मार्च 2028 तक पूरा करना है।  

भागलपुर जंक्शन। फाइल फोटो

भागलपुर जंक्शन। फाइल फोटो

HighLights

  1. मार्च 2028 तक 75 करोड़ रुपये का विकास कार्य पूरा होगा।

  2. ट्रेनों की गति 30 से बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा होगी।

  3. सेंट्रलाइज्ड पैनल और यार्ड आधुनिकीकरण से सुरक्षा बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। सेंट्रलाइज पैनल का निर्माण शुरू होने के साथ ही भागलपुर स्टेशन के विकास की दिशा में पहल तेज हो गई है।

यार्ड आधुनिकीकरण और प्लेटफार्म विस्तार के बाद दो नंबर प्लेटफार्म की रेल लाइन को मेन ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे डाउन लाइन की ट्रेनें बिना काशन के 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से थ्रू गुजर सकेंगी।

चरणबद्ध तरीके से चलने वाले इन कार्यों को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस दौरान ट्रैफिक ब्लाक लेने के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

यार्ड आधुनिकीकरण में ट्रैक के सिग्नल व प्वाइंट शिफ्ट होंगे। प्लेटफार्म एक को लोहिया पुल के पास से तोड़कर सीधा व पीछे शिफ्ट किया जाएगा। आगे मिली जगह से ट्रैक को पुरानी सिकलाइन से गुजारकर सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे प्लेटफार्म दो व तीन को चौड़ा करने की पर्याप्त जगह मिलेगी। अ

भी कर्व और काशन के कारण ट्रेनों की रफ्तार महज 30 किमी प्रतिघंटा रहती है। इस बदलाव से रेल लाइन सीधी हो जाएगी और रेलगाड़ियां पूरी स्पीड से थ्रू पास कर सकेंगी।

यार्ड आधुनिकीकरण में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग, सिग्नलिंग सुधार शामिल

यार्ड आधुनिकीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि है। इससे इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग, सिग्नलिंग सुधार और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का कार्य होगा।

अभी पूर्वी कैबिन में इलेक्ट्रॉनिक और पश्चिमी कैबिन में पैनल इंटरलाकिंग है, जिससे ट्रेन को प्लेटफार्म पर लेने के लिए दोनों केबिन व स्टेशन मास्टर की स्वीकृति लेनी पड़ती है।

लोको कालोनी में दुर्गा स्थान के पास सेंट्रलाइज पैनल बनने और रूट रिले सिस्टम लागू होने से स्टेशन मास्टर अकेले ही ट्रेन को किसी प्लेटफार्म पर लेने व शंटिंग का निर्णय ले सकेंगे।

बड़हरवा से भागलपुर तक प्रस्तावित तीसरी-चौथी लाइन से पहले यह बदलाव हो रहा है। यार्ड में बरसात के जलजमाव से होने वाले हादसों को रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनेगा तथा सुरक्षा के लिहाज से तीन नए लेवल क्रासिंग (एलसी) गेट लगाए जाएंगे।

चौड़े होंगे प्लेटफार्म व एफओबी की सीढ़ियां

प्लेटफार्म विस्तार व फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियों को चौड़ा करने के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की मंजूरी के बाद दो चरणों में काम हो रहा है।

पहले चरण में लोहिया पुल की ओर वाले एफओबी की सीढ़ियां चौड़ी की गई हैं, अब नाथनगर छोर पर काम होगा। अभी प्लेटफार्म संख्या दो, तीन, पांच और छह की लंबाई कम होने से बड़ी ट्रेनें एक व चार पर ली जाती हैं।

प्रमुख बिंदु

लक्ष्य : मार्च 2028 तक पूरा होगा स्टेशन विकास कार्य
कुल बजट : 75 करोड़ रुपये (50 करोड़ यार्ड आधुनिकीकरण व 25 करोड़ प्लेटफार्म-एफओबी विस्तार)
रफ्तार : काशन व कर्व हटने से 30 की जगह 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से थ्रू गुजरेंगी ट्रेनें
सुरक्षा : यार्ड में जलजमाव रोकने को ड्रेनेज सिस्टम व तीन नए एलसी गेट बनेंगे

पैनल निर्माण के साथ ही भागलपुर स्टेशन के विकास का कार्य शुरू हो गया है। इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। - अमरेंद्र कुमार मौर्य, एडीआरएम, मालदा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।