विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में जल्द शुरू होंगी 5 नई चीनी मिलें, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की घोषणा

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:05 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'गन्ना विकास रथ-2026' का शुभारंभ करते हुए बिहार में जल्द ही पांच नई चीनी मिलें शुरू करने की घोषणा की।

दोनों डिप्टी सीएम के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो सोशल मीडिया

दोनों डिप्टी सीएम के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो सोशल मीडिया 

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने 'गन्ना विकास रथ-2026' का किया शुभारंभ।

  2. बिहार में जल्द शुरू होंगी पांच नई चीनी मिलें।

  3. किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी।

राज्य ब्यूरो, पटना। ''गन्ना विकास रथ-2026'' का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि कि किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि तथा चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

राज्य में 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं और पांच मिलें शीघ्र शुरू की जाएंगी। हालांकि, स्थल के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

Sugar MIlls Bihar

इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से 40 गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर सभी 36 जिलोंं की ओर रवाना किया। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाना है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार 25 नई चीनी मिलों की संभावना तलाशने में जुटी हुई है। इस उद्देश्य से कुछ मिलों के लिए विस्तृत परियोजना (डीपीआर) रिपोर्ट आदि की पहल चल रही है।

संभव है कि प्रस्तावित पांच नई मिलें उन्हीं में से हों। दरभंगा जिला के सकरी और मधुबनी जिला के रैयाम में चीनी मिल को पुन: चालू करने के लिए सहकारिता विभाग अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है।

नवादा जिला के वारसलीगंज में भी मिल की संभावना है, जबकि मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर और सारण जिला के तरैया में चीनी मिल के लिए डीपीआर तैयार कराने की घोषणा हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ''समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार'' के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गन्ना की खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव के साथ गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार आदि समारोह में उपस्थित रहे

गांव-देहात तक जागरूकता फैलाएंगे रथ

गन्ना की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाले अनुदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी भी दी जाएगी।

डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल

डिजिटल तकनीक के उपयोग से किसानों को अधिक सुविधाजनक एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 'गन्ना आइडी' एवं 'गन्ना साथी' एआइ चैटबाट के माध्यम से किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल की गई है। इसके साथ ही किसान गोष्ठियों एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता और जन-भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

मधुबनी और दरभंगा पर विशेष फोकस : 15 रथ मधुबनी एवं दरभंगा जिला में लगातार 30 दिनों तक भ्रमण कर गन्ना की खेती एवं विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। शेष 25 रथ अन्य 36 जिलों में गांव-गांव एवं पंचायत स्तर तक पहुंचकर किसानों से संवाद करेंगे।

कहां हो सकती हैं नई मिलें: दरभंगा जिला में सकरी, मधुबनी जिला में रैयाम, नवादा जिला में वारसलीगंज, मुजफ्फरपुर जिला में मोतीपुर और सारण जिला में तरैया

कहां चल रहीं चीनी मिलें: पश्चिम चंपारण जिला में बगहा, लौरिया, रामनगर, नरकटियागंज, मझौलिया, पूर्वी चंपारण जिला में सुगौली, सीतामढ़ी जिला में रीगा, समस्तीपुर जिला में हसनपुर, गोपालगंज जिला में गोपालगंज व सिधवलिया

नई चीनी मिलों की स्थापना तथा बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरोद्धार से राज्य के चीनी उद्योग को सशक्त बनाया जाएगा। - सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री

 

यह भी पढ़ें- बिहार में खुलेंगी 44 हाईटेक गन्ना नर्सरी, 11.25 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान; किसान ऐसे करें आवेदन

यह भी पढ़ें- बिहार में चीनी मिलों की जल्द होगी वापसी, सारण और मुजफ्फरपुर में DPR की प्रोसेस शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।