बिहार को देश और ग्लोबल मार्केट में 10% हिस्सेदारी दिलाने का लक्ष्य, CM सम्राट बोले- उद्योग-व्यापार को देंगे नई रफ्तार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार को उद्योग और व्यापार में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10% हिस्सेदारी दिलाने का लक्ष्य ...और पढ़ें

बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग से बढ़ेगा निर्यात
HighLights
उद्योग-व्यापार में 10% राष्ट्रीय-वैश्विक हिस्सेदारी का लक्ष्य।
एफटीए कार्यशाला में निर्यातकों को सहयोग देने पर जोर।
'एक जिला-एक उत्पाद' योजना से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार को उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश की कुल आबादी और राजस्व में बिहार की हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत है। ऐसे में उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में भी राज्य को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में 10 प्रतिशत भागीदारी हासिल करनी होगी।
इसी लक्ष्य के साथ सरकार उद्योग जगत को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री गुरुवार को राजधानी के होटल ताज सिटी सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला 'मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) आउटरीच कार्यक्रम' को संबोधित कर रहे थे।
एफटीए कार्ययोजना और निर्यातक पुस्तिका का विमोचन
केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और बिहार के उद्योग विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एफटीए कार्ययोजना, निर्यातक पुस्तिका और एफएक्यू पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में बिहार राज्य विपणन प्राधिकरण एवं आइआइएम बोधगया तथा गुड्स कैपिटल एवं एमएसएमई के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए। सरकार का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए निर्यातकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग से बढ़ेगा निर्यात
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की आर्थिक तस्वीर तभी बदलेगी, जब राज्य देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इसके लिए उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के साथ अच्छी पैकेजिंग और प्रभावशाली मार्केटिंग पर ध्यान देना होगा।
उन्होंने कहा कि केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उत्पादों को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करना और उनकी ब्रांडिंग करना भी जरूरी है। निर्यात को बढ़ावा देकर बिहार के उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाया जा सकता है।
शिवहर की प्रति व्यक्ति आय का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच प्रति व्यक्ति आय के अंतर का उदाहरण देते हुए कहा कि नोएडा में प्रति व्यक्ति आय 13 लाख रुपये तक पहुंच जाती है, जबकि बिहार के शिवहर जिले में यह महज 36 हजार रुपये है।
राज्य में अधिकतम स्तर पर भी प्रति व्यक्ति आय दो लाख रुपये तक ही पहुंच पाती है। उन्होंने कहा कि इस अंतर को कम करने के लिए औद्योगिक विकास, व्यापार विस्तार और निर्यात को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और लोगों की आय में सुधार का रास्ता खुलेगा।
ड्राई पोर्ट और लॉजिस्टिक सुविधा बढ़ाने पर जोर
राज्य में निर्यात को आसान बनाने के लिए ड्राई पोर्ट की संख्या बढ़ाने की जरूरत पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया। इसके लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 12 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। इन शहरों में रेलवे कनेक्टिविटी और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उद्योगों को माल ढुलाई और लॉजिस्टिक की बेहतर सुविधा मिल सके।
हर महीने उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे डीएम-एसपी
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे जिला स्तर पर बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआइए), फिक्की और अन्य औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक महीने बैठक करें।
इन बैठकों में उद्यमियों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य उद्योग लगाने और कारोबार करने में आने वाली प्रशासनिक बाधाओं को कम करना है।
एक जिला-एक उत्पाद से स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को सभी व्यापारियों को 'एक जिला, एक उत्पाद' (ओडीओपी) योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले की स्थानीय विशेषता के अनुसार उत्पादों के क्लस्टर तैयार किए जाएं।
लीची जैसे कृषि उत्पादों के लिए विशेष क्लस्टर विकसित करने पर जोर दिया गया। इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और छोटे उद्यमियों को कारोबार विस्तार का अवसर मिलेगा। सरकार की कोशिश है कि बिहार के पारंपरिक और कृषि आधारित उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिले।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।