विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार STF का बड़ा एक्शन: ₹1 लाख का इनामी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, मर्डर के कई केस दर्ज; गवाह को मारने वाला था

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:29 PM (IST)

खगड़िया में तीन हत्याओं का आरोपी मिथलेश महतो, बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 

मिथलेश महतो एनकाउंटर के बाद घायल। X/@KhagariaPolice

मिथलेश महतो एनकाउंटर के बाद घायल। X/@KhagariaPolice

HighLights

  1. खगड़िया में तीन हत्याओं का आरोपी मिथलेश महतो मुठभेड़ में गिरफ्तार।

  2. बिहार एसटीएफ और खगड़िया पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।

  3. आरोपी गवाह परी कुमारी की हत्या की साजिश रच रहा था।

राज्य ब्यूरो, पटना। खगड़िया में तीन हत्याओं के आरोपित मिथलेश महतो को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि बिहार एसटीएफ और खगड़िया जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने चौथम थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में मिथलेश घायल हो गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मिथलेश चौथम थाना कांड संख्या 181/26 में वांछित था। इस मामले में तीन लोगों की हत्या हुई थी, जबकि 10 वर्षीय परी कुमारी गंभीर रूप से घायल हुई थी। परी इस घटना की चश्मदीद गवाह है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मामले का ट्रायल शुरू होने से पहले मिथलेश उसकी हत्या की साजिश रच रहा है। इसी सूचना पर एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

तीन राज्यों में दर्ज हैं केस 

मिथलेश का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वर्ष 2015 में उसने उत्तर दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी थी।

इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब नौ साल सजा काटने के बाद उच्च न्यायालय से राहत मिलने पर वह बाहर आया था।

इसके बाद नवंबर 2024 में खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में अजय कुमार साह की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया था। इस मामले में भी उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

जेल से निकलने के बाद जून 2026 में चौथम थाना क्षेत्र में मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी। इस दौरान परी के गले पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया था। इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी।

पुलिस के मुताबिक, मिथलेश के विरुद्ध बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद उसके पास से हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इस संबंध में चौथम थाने में नया मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुठभेड़ के बाद क्या-क्या मिला?

सामान संख्या / विवरण
नौ एमएम देसी पिस्टल एक
.315 बोर देसी कट्टा एक
विभिन्न बोर के जिंदा कारतूस छह
विभिन्न बोर के खोखे चार
मोबाइल दो
चाकू एक
हथौड़ा एक
नकद राशि 17,250 रुपये
एटीएम कार्ड एक

यह भी पढ़ें- पश्चिमी चंपारण में जेसीबी की चपेट में आने से तीन साल की बच्ची की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पीटा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।