Bihar News: सीएम नीतीश का चुनावी साल में 'मास्टर स्ट्रोक', कई जिलों में बनेंगे नए पुल और आरओबी
CM नीतीश की प्रगति यात्रा ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के खाते में नए प्रोजेक्टों की भरमार कर दी है। आने वाले बजट में नए पुलों के लिए बड़ी राशि का प्रावधान संभव है। पूर्वी चंपारण से लेकर सुपौल तक कई जिलों में पुल आरओबी और फुट ओवर ब्रिज बनेंगे। खगड़िया में गंडक पर आरसीसी पुल बनेगा। सीमांचल के कई जिलों में भी पुल निर्माण को स्वीकृति मिली है।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के खाते में नए प्रोजेक्टों की भरमार कर दी है। आने वाले बजट में बिहार में नए पुलों के लिए बड़ी राशि का प्रविधान संभव है। अब तक जिन पुलों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई है वह डेढ़ हजार करोड़ रुपए है।
पूर्वी चंपारण जिले के लालबकेया नदी पर बलुआ गुआबारी के समीप 72.34 करोड़ रुपए की लागत से आरसीसी पुल का निर्माण कराए जाने को अनुमति मिली है। आरसीसी पुल के अतिरिक्त कई जगहों पर आरओबी के निर्माण के लिए भी प्रगति यात्रा के दौरान राशि की मंजूरी दी गयी है।
167 करोड़ रुपये से होगा आरओबी का निर्माण
मुजफ्फरपुर के गोबरसही चौक के पास लेबल क्रॉसिंग संख्या 4 ए बदले आरओबी निर्माण को अनुमति दी गयी है। इस पर 167 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नाबार्ड ऋण परियोजना के तहत मुजफ्फपुर में बूढ़ी गंडक नदी पर सोडा गोदाम चौक से अहियापुर के बीच पहुंच पथ सहित आरसीसी पुल का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 98.72 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
मुजफ्फरपुर में इसके अतिरिक्त 120 करोड़ रुपए की लागत से एक और पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की देखरेख में किया जाएगा।
सारण में भी होगा आरओबी और फुट ओवर ब्रिज का निर्माण
छपरा शहर में भिखारी ठाकुर ढाला पर नए आरओबी का निर्माण की घोषणा प्रगति यात्रा के दौरान की गयी है पर अभी यह तय नहीं हुआ है कि इस प्रोजेक्ट की राशि क्या होगी।
सारण मे ही गड़खा ढाला पर आरओबी सहित फुट ओवर ब्रिज निर्माण को भी प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है। रामवगगर ढाला पर भी आरओबी सहित फुट ओवर ब्रिज बनाने को प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है। इन दाेनों प्रोजेक्ट का निर्माण भी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जाएगा।
मधुबनी में खजौली रेलवे स्टेशन से जयनगर रेलवे स्टेशन के बीच एक आरओबी का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 178 करोड़ रुपए खर्च आएंगे। वहीं, समस्तीपुर के शिवाजी नगर प्रखंड में करेह नदी पर शंकरपुर घाट पर आरसीसी पुल बनाया जाएगा। इस पर 62 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
गंडक पर बनेगा आरसीसी पुल
- खगड़िया जिले में बूढ़ी गंडक नदी पर रहीमपुर एवं खगड़िया बाईपास पथ के बीच आरसीसी पुल बनेगा। इसकी लागत 99 करोड़ रुपए है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को ही इसकी जिम्मेवारी दी गयी है।
- खगड़िया के अलौली प्रखंड में ही 63 करोड़ रुपए की लागत से एक आरसीसी पुल निर्माण को स्वीकृति है। सुपौल के सिमराही बाजार में एक फ्लौईओवर का निर्माण होना है। इसकी लागत 188 करोड़ रुपए है।
- प्रगति यात्रा के दौरान सीमांचल में भी कई जिलाें में पुल निर्माण को स्वीकृति दी गयी है। किशनगंज में कनकई नदी पर असुराघाट एवं निसंदरा घाट के बीच 48 करोड़ रुपए की लागत से पुल बनेगा।
- अररिया में 115 करोड़ रुपए के खर्च पर फारबिसगंज बथनाहा स्टेशन के बीच आरओबी बनेगा। कटिहार में 193 करोड़ की लागत से आरओबी बनेगा।
ये भी पढ़ें- Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में इस जगह बनेगा 100 करोड़ का नया पुल, NH-57 से होगी डायरेक्ट कनेक्टिविटी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।