Bihar Education Department: इन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की नौकरी पर खतरा, सभी DM को नया ऑर्डर जारी
बिहार में शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब जिलाधिकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) के कार्यों की समीक्षा करेंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। समीक्षा में लापरवाही पाए जाने पर बीईओ के प्रभार बदले जाएंगे या उन्हें हटाया भी जा सकता है। राज्य के कई प्रखंडों में बीईओ के पद खाली हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में स्कूली शिक्षा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वहन करने वाले सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) के कार्यों की समीक्षा होगी। हर जिले में जिलाधिकारी द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यों और उनकी उपलब्धियों की समीक्षा होगी। जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं होगा वैसे बीईओ प्रभार मुक्त होंगे या उनके प्रभार बदले जाएंगे।
इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने शुक्रवार को सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया। यह आदेश उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा में प्राप्त फीडबैक के आधार पर दिया है।
ठीक ढंग से दायित्वों के निर्वहन नहीं कर रहे बीईओ
विगत 25 जुलाई को अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने शिक्षा विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की थी।
इस समीक्षा में जिला शिक्षा पदाधिकारियों ने अपर मुख्य सचिव को बताया कि कतिपय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा लक्ष्यों के प्रभावी अनुश्रवण एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं किया जा रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ बैठक कर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यों एवं उपलब्धियों की समीक्षा कर लें। यदि इनके प्रभार में किसी प्रकार की परिवर्तन की आवश्यकता हो तो कार्यहित में इस पर तत्काल कार्रवाई करें।
बता दें कि राज्य में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के पद प्रखंड स्तरीय हैं, लेकिन 534 प्रखंडों में से 50 प्रतिशत से ज्यादा प्रखंडों में बीईओ के पद खाली हैं। इन प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का प्रभार जिले के दूसरे विभागों के अधिकारियों के जिम्मे है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।