बिहार की भाजपा विधायक भागीरथी देवी ने दिया इस्तीफा, नरेन्द्र मोदी को भगवान बता पार्टी पर लगाए कई बड़े आरोप
भाजपा विधायक भागीरथी देवी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि दलित होने के कारण संगठन में मेरी बात नहीं सुनी जाती। यह भी आरोप लगाया कि बिहार भाजपा अध्यक्ष मेरी परेशानी से अवगत हैं।

जागरण टीम, पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाराज पांच बार की विधायक भागीरथी देवी ने गुरुवार को पार्टी के सभी पदों इस्तीफा दे दिया है। पुनाईचक स्थित अपने आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए रामनगर एमएलए ने कहा कि दलित होने के कारण संगठन में मेरी बात नहीं सुनी जाती। पद्मश्री भागीरथी ने पार्टी के क्रियाकलापों से परेशान होने की बात कही। भागीरथी ने कहा कि बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय कुमार जायसवाल मेरी परेशानी से अवगत हैं, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने राष्ट्रीय कार्यसमिति और प्रदेश कार्य समिति से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है। हालांकि भागीरथी ने पीएम नरेन्द्र मोदी को भगवान कहते हुए पार्टी में बने रहने की बात कही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कहा कि विधायक भागीरथी देवी प्रदेश स्तरीय समर्पित और सम्मानित नेता हैं। उनकी जिला संगठन से थोड़ी नाराजगी है। उनसे बात हुई है। उनकी नाराजगी दूर कर ली जाएगी। भाजपा उनका सदैव सम्मान करती है।
उन्होंने कहा कि मेरे अपने जिले बगहा के संगठन में भी हमारी कोई पूछ नहीं रह गई है। दो लोग मिलकर पूरे जिले को चला रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाया है कि मुझे दलित समझकर हमेशा नजरअंदाज किया जाता है। चुनाव में भी हमारे साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। मैं भाजपा को वोट दिलाने के प्रयास में रहती हूं और वे लोग कांग्रेस के चक्कर में रहते हैं। जबकि, मेरी ईमानदारी और सेवा के बदौलत जनता मुझे पांचवीं बार विधानसभा में भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से बगहा जिला हुआ है तब से पार्टी में मुझे छांट दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरे लिए भगवान है। मैं उनके साथ हमेशा रहूंगी। नरेन्द्र मोदी ने मेरा सम्मान किया। एक दलित महिला को पार्टी में इतना बड़ा पद दिया। पद्मश्री देकर मान बढ़ाया। उन्होंने यह भी कहा है मैं भाजपा में बनी रहूंगी और पार्टी का कार्य करूंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।