Bihar Chunav: राजद को बड़ा झटका, स्टार प्रचारक ने बदला पाला
पटना से मिली खबर के अनुसार, राजद महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा ने राजद छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप ...और पढ़ें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रतिमा कुशवाहा। सौ-पार्टी
राज्य ब्यूरो, पटना। दलों के प्रति वर्षों तक समर्पित रहे कार्यकर्ताओं की आस्था एवं विश्वास की डोर टिकट कटते ही टूटने लगी है।राजद महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्टार प्रचारक प्रतिमा कुशवाहा का नाम भी संभवत: ऐसे ही पीड़ित कार्यकर्ताओं में सूचीबद्ध है। शनिवार को प्रतिमा ने पाला बदल लिया। राजद से हताश होकर प्रतिमा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रतिमा को पार्टी की सदस्यता दिलाई एवं स्वागत किया। जायसवाल ने कहा कि यह भाजपा के विचारों एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
बेटियां व बहनें अब सुशासन के साथ
उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियां एवं बहनें अब जातिवाद व परिवारवाद नहीं, बल्कि विकास एवं सुशासन की राजनीति का साथ दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में जो माहौल है, उससे साफ है कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। ऐतिहासिक जीत होगी। कार्यकर्ताओं के जोश एवं उत्साह देखते बन रहा है। बिहार के लोग एनडीए की सरकार बनाने का निर्णय ले चुके हैं।
दोनों गठबंधनों में पाला बदल का खेल
इस विधानसभा चुनाव के दौरान एनडीए और महागठबंधन दोनों ओर पाला बदल करनेवालों की संख्या अच्छी खासी रही है। टिकट नहीं मिलता देख पार्टियां बदलनेवाले नेताओं में मंत्री, विधायक से लेकर बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं। पाला बदलनेवाले कई नेताओं को नए दल में टिकट भी मिल गया, हालांकि जनता इसे कितना पसंद करती है, यह तो अग्निपरीक्षा से ही पता चलेगा। बिहार में दो चरणों में छह एवं 11 नवंबर को मतदान होना है। इसकी मतगणना 14 नवंबर को होगी। उसी दिन पता चलेगा कि दल बदलनेवाले फायदा में रहते हैं या नुकसान में। बहरहाल बिहार की सियासत इन नेताओं की वजह से गरमाई हुई है। यह सिलसिला कब तक चलता है, इस पर सभी की नजरें हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।