Bihar Politics: दूसरे चरण के मतदान के बीच वार रूम क्यों पहुंचे नीतीश, मंत्रियों से भी की मुलाकात
Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में दूसरे चरण के मतदान के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय रहे। उन्होंने पार्टी के वार रूम का दौरा किया और मंत्रियों से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। नीतीश कुमार ने मतदान की स्थिति का जायजा लिया।

जदयू कार्यालय पहुंचे सीएम नीतीश कुमार। जागरण
डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Vidhansabha Chunav 2025 के दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। राज्य के 20 जिलों में 122 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
इस चरण का मतदान निर्णायक माना जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) जदयू कार्यालय पहुंचे।
इससे पूर्व उनका काफिला केंद्रीय मंत्री ललन सिंह एवं बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी के अवास पर भी गया। दोनों नेताओं से सीएम ने मुलाकात की।
इसके बाद वे दोनों मंत्रियों के साथ जदयू कार्यालय में बने वार रूम पहुंच गए। वहां प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने मतदान की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। गठबंधन के अलग-अलग पहलुओं के बारे में बात की।
नीतीश कुमार इस चुनाव में काफी एक्टिव रहे हैं। उन्होंने ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कीं। रोड शो कर भी एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगा।
हार की घबराहट में हैं तेजस्वी
इधर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि हार की घबराहट में तेजस्वी यादव बौखलाहट में हैं। प्रथम चरण के मतदान में जनता ने जिस प्रकार एनडीए के प्रति अपना अपार जनसमर्थन व्यक्त किया है, उससे तेजस्वी पूरी तरह बेचैन हो गए हैं।
जनता को गुमराह करने के लिए लगातार अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। इस चुनाव में उन्होंने झूठ बोलने के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव राजनीतिक हताशा और निराशा में इतने डूब चुके हैं कि एक ही झूठ को बार-बार दोहराकर उसे सच साबित करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
लेकिन जनता अब पूरी तरह जागरूक, समझदार और होशियार है। वह उनके झूठे बयानों और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को अच्छी तरह पहचान चुकी है। जनता विकास और सुशासन की राजनीति चाहती है, न कि भ्रम और आरोपों की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।