भाजपा ने अपने विधायकों और विधान पार्षदों को लगाई फटकार, कहा- बर्दाश्त नहीं होगी यह गलती
Bihar politics उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी की अनुपस्थिति में भाजपा विधान मंडल दल की बैठक संपन्न हुई। संगठनात्मक गतिविधियों में रुचि नहीं दिखाने और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले विधायक और विधान पार्षदों को फटकार लगी।

राज्य ब्यूरो, पटना : भाजपा विधान मंडल दल की बैठक शुक्रवार को दोनों नेता यानी उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी की अनुपस्थिति में संपन्न हुई। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संपन्न हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने की। इस दौरान राज्य सरकार में शामिल भाजपा कोटे के मंत्रियों के अलावा विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। भाजपा के कुल सौ विधायक और विधान पार्षदों में 88 की उपस्थिति रही। वहीं, विभिन्न कारणों से 12 जनप्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में रुचि नहीं दिखाने और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले विधायक और विधान पार्षदों को फटकार लगी।
भाजपा के वर्तमान में 77 विधायक और 23 विधान पार्षद हैं। वहीं, बैठक में गैर विधायक और गैर विधान पार्षद प्रदेश पदाधिकारियों में तीन पदाधिकारी थे। संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राधा मोहन शर्मा और मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा बैठक में शामिल हुए। प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने जनप्रतिनिधियों का ध्यान विशेष रूप से संगठनात्मक गतिविधियों की ओर आकृष्ट किया। रविवार यानी 25 जून को आपातकाल दिवस मनाने, बूथ शक्तिकरण और पन्ना प्रमुख बनाने के काम मेें तेजी लाने के निर्देश दिए।
द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में गए थे दोनों उपमुख्यमंत्री
बता दें कि शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के दौरान बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी भी शामिल हुई थीं। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन ऊर्फ ललन सिंह भी पहुंचे थे। द्रौपदी मुर्मू के नामांकन दाखिल करने के कार्यक्रम में जाने से तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी शामिल नहीं हुई थीं। इसी दौरान बिहार में भाजपा ने विधान मंडल दल की बैठक बुलाई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।