विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पुलिस अधिकारियों के प्रमोशन नियमों में बदलाव, अब सीधे मुख्यालय में होगी कामकाज की समीक्षा

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में अब दारोगा से लेकर डीएसपी रैंक तक के पुलिस अधिकारियों के वार्षिक मूल्यांकन की समीक्षा पुलिस मुख्यालय स्तर पर होगी। 

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. डीएसपी के काम की समीक्षा सीधे डीजीपी करेंगी।

  2. दारोगा-इंस्पेक्टर के कामकाज की समीक्षा वरीय अधिकारी करेंगे।

  3. प्रमोशन और अन्य लाभों के लिए यह समीक्षा जरूरी होगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में अब दारोगा-इंस्पेक्टर से लेकर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रैंक तक के अफसरों के कामकाज की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट की समीक्षा अब पुलिस मुख्यालय के स्तर पर होगी।

डीएसपी के काम की समीक्षा सीधे डीजीपी करेंगी। वहीं दारोगा-इंस्पेक्टर के कामकाज की समीक्षा पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारी करेंगे। इसके बाद ही इन अफसरों को प्रमोशन से लेकर अन्य लाभ दिए जाएंगे।

पुलिस मुख्यालय के सभागार में सोमवार को साइबर अपराध को लेकर आयोजित कार्यशाला में विशेष शाखा एवं एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन ने यह जानकारी दी।

महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध पर लगाम की तैयारी

महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले ऑनलाइन अपराध एवं अनुसंधान को प्रभावी बनाने के लिए आयोजित कार्यशाला में कुल दस विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

डीजी कुंदन कृष्णन ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों में आवश्यकता पड़ने पर इंटरपोल, सीबीआइ जैसी एजेंसियों के साथ समन्वय करने का सुझाव दिया। उन्होंने लंबित अनुसंधान कम करने के लिए नियमित पर्यवेक्षण और गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया।

साइबर अपराध के लिए कमर कसेगी पुलिस 

इसके अलावा, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं वित्तीय साइबर अपराधों में एक साथ छापेमारी, सर्च वारंट और म्यूल बैंक खातों को समय पर फ्रीज कराने का सुझाव दिया। इसके लिए डार्कवेब एवं साइबर वर्ल्ड से सूचना एकत्र करने का टास्क भी दिया गया।

सीआइडी के एडीजी पारसनाथ ने कहा कि डिजिटल युग में कोई भी व्यक्ति या संस्था साइबर जोखिमों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। पुलिस पदाधिकारियों को भी अपनी तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता और कानूनी समझ लगातार विकसित करनी होगी।

उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ लेखों, न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों और नवीनतम तकनीकी जानकारियों का अध्ययन कर उन्हें पुलिस कार्रवाई में शामिल करने पर बल दिया।

साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) के आइजी रंजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि साइबर अपराधों के अनुसंधान में केवल वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य पर्याप्त नहीं होते, बल्कि अपराध की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग तकनीकी एवं अनुसंधान पद्धतियां अपनानी पड़ती हैं।

उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक जैसी उभरती चुनौतियों के प्रति पुलिस पदाधिकारियों को सजग रहने की सलाह दी।

मौके पर सीसीएसयू के डीआइजी अवकाश कुमार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की उपनिदेशक ऐश्वर्या सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बिहार के प्रवासी मजदूरों की मौत पर मुआवजे की राह आसान, दावेदारों के बीच विवाद हुआ तो DM करेंगे अंतिम फैसला

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण की कोशिश, बोलेरो सवार बदमाशों ने की मारपीट, एक गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।