विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण की कोशिश, बोलेरो सवार बदमाशों ने की मारपीट, एक गिरफ्तार

By Keshav KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 23 Nov 2026 08:20 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही सातवीं की छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर में आरोपितों के पास से जब्त बोलेरो। जागरण

मुजफ्फरपुर में आरोपितों के पास से जब्त बोलेरो। जागरण

HighLights

  1. स्कूल से लौट रही छात्रा के अपहरण का प्रयास।

  2. बोलेरो सवार बदमाशों ने जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश।

  3. ग्रामीणों ने एक आरोपित को पकड़ा, पुलिस जांच में जुटी।

केशव कुमार, मुजफ्फरपुर । अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बखरी के समीप सोमवार दोपहर बोलेरो सवार बदमाशों ने स्कूल से घर लौट रही सातवीं कक्षा की एक छात्रा के अपहरण का प्रयास किया।

बदमाशों ने छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा के शोर मचाने पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक आरोपित को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। वहीं, मौके का फायदा उठाकर बोलेरो सवार तीन से चार अन्य बदमाश फरार होने में सफल रहे।

शादी का दबाव बनाया, विरोध करने पर की मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल ही अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बखरी के पास पीछे से आ रही एक बोलेरो ने उसे हल्की टक्कर मार दी।

छात्रा के संभलने से पहले ही गाड़ी से उतरे युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन बोलेरो के अंदर खींचने लगे। आरोप है कि इस दौरान बदमाश छात्रा से कह रहे थे कि 'तुम्हें हमसे शादी करनी होगी'। छात्रा ने जब इसका पुरजोर विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट भी की।

शोर मचाने पर जुटी भीड़, पुलिस ने आरोपित को लिया हिरासत में

खुद को बदमाशों के चंगुल में फंसता देख छात्रा ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

लोगों को आता देख बदमाशों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी, जबकि उसके अन्य साथी बोलेरो लेकर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और अहियापुर थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों के कब्जे से आरोपित को छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया है।

पुलिस पीड़ित नाबालिग छात्रा को भी पूछताछ के लिए थाने ले गई है। मामले को लेकर छात्रा की मां ने अहियापुर थाने में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर फरार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मां ने पुलिस को बताया है कि वह अहियापुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। उसके पिता बाहर रहकर काम करते हैं।

इधर, एसडीपीओ नगर टू ने बताया कि हिरासत में लेकर एक युवक से पुछताछ किया जा रहा है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

किशोरी को जबरन गाड़ी में बैठाने की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता को तत्काल मौके पर भेजा गया था। जहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। किशोरी की मां के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी में महिला पुलिस कर्मी के साथ मनचलों ने की छेड़छाड़, हंगामा, दर्ज की जा रही प्राथमिकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।