विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में पुलिस दीदी से बदसलूकी, छेड़छाड़ रोकने पर घर में घुसकर किया हमला

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:59 PM (GMT+05:30)

मधुबनी में पुलिस दीदी चंदा कुमारी और उनके पति के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। यह घटना तब हुई जब उन्होंने एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले युवक को रोका था, जिसके बाद असामाजिक तत्वों ने उनके घर पर हमला किया।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. पुलिस दीदी चंदा कुमारी से असामाजिक तत्वों ने की बदसलूकी।

  2. नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ रोकने पर हुई यह घटना।

  3. एसएसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया, पुलिस दीदी होंगी पुरस्कृत।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस दीदी के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। सोमवार को शहर के कोतवाली चौक में कुछ असामाजिक तत्वों ने महिला पुलिसकर्मी चंदा कुमारी और उनके पति के साथ बदसलूकी की।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 एवं नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। जानकारी के अनुसार, सिपाही चंदा कुमारी पुलिस दीदी के रूप में विभाग से मिली स्कूटी से शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के लिए भ्रमण कर रही थीं।

इसी दौरान कोतवाली चौक के एक मुहल्ले में एक युवक को नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते देखा। उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवक को फटकार लगाई तो वह भाग निकला।

इस दौरान पुलिस दीदी ने मोबाइल जब्त कर नगर थाना में जमा करा दिया। इधर, इस कार्रवाई से नाराज कुछ असामाजिक तत्व सोमवार को पुलिस दीदी के किराये के आवास पर पहुंच गए और उनके साथ-साथ उनके पति के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

चंदा कुमारी कोतवाली चौक स्थित एक किराए के मकान में अपने पति के साथ रहती हैं। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने नगर थाना पुलिस को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

एसएसपी ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी चंदा कुमारी ने साहस और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। इसके लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

वहीं, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस दीदी चंदा कुमारी की शिकायत के आलोक में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।