बिहार के प्रवासी मजदूरों की मौत पर मुआवजे की राह आसान, दावेदारों के बीच विवाद हुआ तो DM करेंगे अंतिम फैसला
बिहार में प्रवासी मजदूरों की मृत्यु या अपंगता पर अनुदान राशि के लिए कई दावेदार होने पर अब जिलाधिकारी अंतिम निर्णय लेंगे।

प्रवासी मजदूरों की सांकेतिक तस्वीर। सौ.- LRMWWDBihar
HighLights
अनुदान राशि पर विवाद होने पर जिलाधिकारी लेंगे अंतिम निर्णय।
प्रवासी मजदूरों की मृत्यु पर आश्रितों को 4 लाख की सहायता।
राज्य सरकार वहन करेगी पार्थिव शरीर के परिवहन का पूरा खर्च।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के प्रवासी मजदूरों की मौत होने पर यदि अनुदान की राशि को लेकर एक से अधिक लोगों ने दावेदारी की तो अब अंतिम निर्णय संबंधित जिलाधिकारी करेंगे।
इस संबंध में सोमवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने सभी जिलों को आदेश जारी किया। इसके मुताबिक अंचलाधिकारी की ओर से आश्रित तय करने के बाद विवाद होने की स्थिति में जिलाधिकारी के समक्ष अपील की जा सकेगी।
विभाग की अधिसूचना के मुताबिक प्रवासी मजदूरों की मौत या पूर्ण स्थायी व स्थायी आंशिक अपंगता के मामले में न्यायनिर्णित आश्रितों या प्रवासी मजदूरों को अनुदान की राशि दी जानी है।
इसके तहत श्रमिकों या उनके आश्रितों को आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रास सेटलमेंट) पद्धति से बैंक खाता के माध्यम से दिया जाना है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामले में यह अक्सर देखा जा रहा है कि कई बार प्रवासी मजदूरों की मौत होने पर अनुदान को लेकर आश्रितों के बीच ही मतभेद सामने आ रहे हैं।
अनुदान को लेकर एक से अधिक दावेदारी अंचल कार्यालयों में हो रही है। ऐसे में अनुदान भुगतान करने में अनावश्यक रूप से देरी हो रही है।
इसके मद्देनजर विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रवासी श्रमिकों को अनुदान दिए जाने का मामला अंचलाधिकारी के स्तर पर निबटाया जाना है, लेकिन अगर अंचलाधिकारी द्वारा घोषित आश्रितों के विरुद्ध कोई विवाद हो जाए, तो फिर जिलाधिकारी स्वय इस मामले को अपील के आधार पर निष्पादन करेंगे।
आश्रितों को लेकर अंतिम निर्णय जिलाधिकारी ही करेंगे और उनका निर्णय ही मान्य होगा। जिलाधिकारी का आदेश जारी होने पर किसी और सरकारी कार्यालय में अपील नहीं की जा सकेगी।
विभाग ने कहा है कि प्रवासी मजदूरों की मौत होने पर उनके निकटतम आश्रितों को चार लाख की सहायता दी जानी है। जबकि पूर्ण स्थायी अपंगता की स्थिति में एक लाख की सहायता दी जानी है। स्थायी व आंशिक अपंगता में 50 हजार का अनुदान दिया जाना है।
यह भी प्रविधान किया गया है कि राज्य के बाहर या विदेश में कार्य करने वाले प्रवासी मजदूरों की दुर्घटना में मौत होने की स्थिति में उनके पार्थिव शरीर को किसी भी परिवहन साधन से उनके स्थायी निवास स्थान तक लाया जाएगा। इस मद में खर्च होने वाली पूरी राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।