Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bardhaman Bus Accident: बर्धमान सड़क हादसे पर CM नीतीश ने जताया दुख, पीड़ितों के लिए किया मुआवजे का एलान

    Updated: Fri, 15 Aug 2025 09:05 PM (IST)

    पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान में हुए सड़क हादसे में बिहार के 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 36 घायल हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। श्रद्धालु गंगासागर में स्नान करने गए थे। दुर्घटना में बस एक खड़े डंपर से टकरा गई।

    Hero Image
    बर्धमान सड़क हादसे पर CM नीतीश ने जताया दुख

    डिजिटल डेस्क, पटना। पश्चिम बंगाल के बर्धमान में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया है, जिसमें बिहार के 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 36 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 3-4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। CM नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताया और मृतकों के लिए मुआवजे का एलान किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा, "पश्चिम बंगाल राज्य के पूर्वी बर्धमान में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मृत्यु दुःखद। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। बिहार के मृतक के शोक संतप्त परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके घरों तक पहुंचाने एवं घायलों के समुचित इलाज के लिए पश्चिम बंगाल सरकार से समन्वय स्थापित कर समुचित कार्रवाई करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।"

    पवित्र स्नान करने गंगासागर गए थे श्रद्धालु

    जानकारी के मुताबिक, बिहार के मोतीहारी जिले के करीब बच्चे समेत 50 श्रद्धालु गंगासागर पवित्र स्नान करने गए थे। वहां से वे बिहार जाने के लिए लौट रहे थे। उसी समय शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे तेज गति से जा रही बस फागुपुर नाला फेरीघाट के पास एक खड़े डंपर के पीछे तेज रफ्तार में जा टकराई।

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर चौंक गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बर्धमान जिला पुलिस के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।

    स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दो महिला यात्रियों सहित 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

    अब तक मृतकों की पहचान नहीं बताई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने ट्रक को देख कर भी ब्रेक समय पर नहीं लगाया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई थी। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।

    पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया और घंटों बाद सड़क पर यातायात बहाल हुआ। पुलिस अधीक्षक सायक दास का कहना है कि सभी यात्रियों को इलाज के लिए बर्धमान मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया है।

    घायल लोगों में पांच बच्चे है, जिनकी उम्र सात से 12 वर्ष है। बाकी महिला-पुरुष है। जिसमें कई की पहचान अब तक नहीं हुई है।