मोटे अनाज से कमाई का मौका, बिहार में प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर सरकार दे रही 50% तक की बंपर सब्सिडी
बिहार सरकार मिलेट्स प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है, जिसमें सामान्य वर्ग को 4.32 ...और पढ़ें

बिहार में मिलेट्स प्रसंस्करण इकाई लगाने पर सरकार देगी 5.40 लाख तक का अनुदान (AI Generated Image)
HighLights
मिलेट्स प्रसंस्करण इकाई पर सरकार देगी वित्तीय सहायता।
सामान्य वर्ग को 4.32 लाख, SC/ST को 5.40 लाख तक अनुदान।
एफपीओ, उद्यमी, व्यक्तिगत आवेदक 8 सितंबर से करें आवेदन।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में मिलेट्स यानी मोटे अनाज के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए नई मिलेट्स प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर सरकार की ओर से वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इसके लिए सामान्य वर्ग के किसानों को परियोजना लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 4.32 लाख रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लाभुकों को परियोजना लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 5.40 लाख रुपये, जो कम हो, अनुदान मिलेगा।
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एफपीओ, उद्यमी, व्यक्तिगत आवेदक और अन्य पंजीकृत संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं। इकाई में प्रसंस्करण मशीनरी की खरीद के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी।
इकाई की क्षमता 100 से 200 किलोग्राम प्रति घंटा निर्धारित की गई है। योजना के अंतर्गत भूमि खरीद, बिजली कनेक्शन, मानव संसाधन तथा अन्य संचालन संबंधी खर्च पर अनुदान नहीं दिया जाएगा।
प्रसंस्करण इकाई के लिए परिसर का कम-से-कम तीन वर्षों तक संचालन एवं रखरखाव करना होगा। अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभुक के बैंक खाते में भेजी जाएगी। मशीनरी की खरीद ओएफएमएएस पोर्टल पर सूचीबद्ध विक्रेता से करनी होगी।
15 प्रतिशत स्वयं का अंशदान:
योजना का लाभ लेने के लिए एफपीओ का कम से कम दो वर्षों से पंजीकृत एवं संचालित होना आवश्यक है। व्यक्तिगत आवेदक की उम्र 21 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। परियोजना लागत का न्यूनतम 15 प्रतिशत स्वयं का अंशदान करना होगा। साथ ही बैंक ऋण प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के साथ दस्तावेज आवश्यक:
आवेदन के साथ परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर), बैंक ऋण स्वीकृति अथवा सहमति पत्र, आधार एवं बैंक विवरण तथा संस्थागत आवेदकों के लिए पंजीकरण प्रमाण-पत्र देना होगा।
आठ सितंबर से आवेदन लिया जा रहा है। इच्छुक आवेदक पोर्टल (www.farmech.bihar.gov.in) या बिहार कृषि एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ प्रभावित किसानों को फिर मिलेगा मौका, सात जिलों में फसल क्षति के लिए नए सिरे से आवेदन
यह भी पढ़ें- पीएम किसान सम्मान निधि: बिहार के 13 लाख किसान पहले ही सूची से बाहर, अब 18 लाख पर मंडरा रहा खतरा
