विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंत भले ही बागी... NDA की बैठक में सम्राट का साफ मैसेज; बिहार MLC चुनाव में 3 सीट पर बढ़ी खींचतान

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:36 PM (GMT+05:30)

एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधान परिषद की आठों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।

अनंत सिंह और सम्राट चौधरी।

अनंत सिंह और सम्राट चौधरी।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आठों विधान परिषद सीटें जीतने की अपील की।

  2. एनडीए ने मतों के बिखराव को रोकने के लिए रणनीति तैयार की।

  3. जदयू विधायक अनंत सिंह ने जनसुराज उम्मीदवार का समर्थन कर बगावत की।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद चुनाव में मतों के बिखराव को रोकने के लिए शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में लोक सेवक आवास में एनडीए विधान मंडल दल की बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने सभी से आठों सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

साथ ही सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों से भी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता जुटने की अपील की। इसके उपरांत शीर्ष नेताओं की अलग से भी चुनाव में सूक्ष्म मत प्रबंधन को लेकर रणनीति तैयार की गई। हालांकि, बैठक में विरोधियों एवं बागियों के विरुद्ध शिकंजा कसने पर कोई विशेष चर्चा नहीं हुई।

नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के उपरांत भी दरंभगा स्नातक सीट पर भाजपा के आदित्य कुमार झा एवं सारण स्नातक सीट पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के बागी रामपुकार सिन्हा ताल ठोक रहे हैं।

दोनों की सेंधमारी एनडीए में भाजपा एवं जदयू के उम्मीदवारों का खेल बिगाड़ सकता है। यही नहीं, मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह दो टूक बगावत भी दूरगामी संदेश है।

बैठक में पांचों दलों के प्रदेश अध्यक्ष, दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर एवं राजभूषण चौधरी की सहभागिता रही।

विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र तेजी चुनाव प्रचार अभियान चलाने एवं जनसंपर्क अभियान में जुटने का निर्देश दिया गया।

एनडीए का विरोध करेंगे तो कार्रवाई होगी: श्रवण

जदयू ने दो टूक कहा है कि विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए के अधिकृत उम्मीदवारों का विरोध करने वाले विधायकों पर अनुशासनिक कार्रवाई होगी।

एनडीए की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान जदयू विधान मंडल दल के नेता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में यह चेतावनी दी।

पत्रकारों ने उन्हें बताया कि बैठक के तुरंत बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार की घोषणा की है। श्रवण ने बिना किसी का नाम लिए कहा- एनडीए के जो भी विधायक दल के अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध प्रचार करेंगे, पार्टी अनुशासनिक कार्रवाई करेगी।

श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए के घटक दल देखेंगे कि उनके कौन विधायक अधिकृत उम्मीदवार का विरोध कर रहे हैं। ऐसे विधायकों-नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि घटक दलों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद नहीं है।

अनंत बोले- अनुज सिंह के लिए काम करेंगे

एनडीए की बैठक से निकलते ही जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वे पटना स्नातक क्षेत्र के चुनाव में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि बैठक में इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या किसी अन्य नेता से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई। जदयू विधायक ने कहा कि बैठक में वही सब हुआ जो होता है। जदयू को भी मजबूूत करेंगे।

यह भी पढ़ें- NDA की बैठक के बाद भी नहीं माने अनंत सिंह, बोले- जन सुराज के अनुज सिंह के लिए करूंगा काम

यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद चुनाव: 12 नामांकन रद; 2 ने वापस लिया नाम, अब स्नातक कोटे में 90 और शिक्षक में 60 प्रत्याशी