'पुदीना' बनाम 'गैस': बिहार MLC चुनाव में फिर गरमाई अनंत और नीरज की जुबानी जंग, AK-47 की भी हो गई एंट्री
बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग फिर से तेज हो गई है। ...और पढ़ें

बिहार एमएलसी चुनाव: नीरज कुमार और अनंत सिंह की जुबानी जंग फिर गरमाई
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में एमएलसी चुनाव (Bihar MLC Election 2026) के मद्देनजर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग एक बार फिर से गरमा गई है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (Lalan Singh) के हस्तक्षेप से कुछ समय तक दोनों नेताओं के बीच शांति थी, लेकिन अब यह विवाद फिर सतह पर आ गया है।
'पुदीना सिंह' और 'गैस निकाल देंगे'
'पुदीना सिंह' और 'गैस निकाल देंगे' वाले अनंत सिंह (Anant Singh) के बयान पर करारा जवाब देते हुए नीरज कुमार (JDU Neeraj Kumar) ने कहा कि अनंत सिंह ने आखिरकार वही नाम स्वीकार कर लिया है जो उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें दिया था।
नीरज ने पत्रकारों से चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि अब उन्हें इसी नाम से संबोधित किया जाए, अन्यथा वे 'गुनाहगार' कहलाएंगे।
अनंत पर बोला तीखा हमला
गुरुवार को बाढ़ में नीरज कुमार के समर्थन में एनडीए की एक बड़ी जनसभा का आयोजन हुआ, जिसमें निशांत कुमार समेत भाजपा और जदयू के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। मंच से नीरज कुमार पूरे आत्मविश्वास में दिखे और बिना नाम लिए अनंत सिंह पर तीखा हमला बोला।
'गलत कर्मों से फंसता है इंसान'
उनके आवास से AK-47 मिलने के मामले की ओर इशारा करते हुए नीरज ने कहा कि इंसान दूसरों के फंसाने से नहीं, बल्कि अपने ही गलत कर्मों से फंसता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को बचाने के लिए कभी ललन सिंह, कभी आरसीपी सिंह तो कभी उन पर आरोप मढ़ते थे, वे अपनी ही करतूतों के कारण कानून के शिकंजे में आए।
'मैं नीतीश की पाठशाला का विद्यार्थी'
नीरज कुमार ने खुद को नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की राजनीतिक पाठशाला का विद्यार्थी बताते हुए कहा कि वे चरित्र हनन की राजनीति को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
'सम्राट और निशांत की जोड़ी हिट'
उन्होंने याद दिलाया कि 2019 में उन पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन उससे उनका कुछ नहीं बिगड़ा। उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी को 'हिट' बताते हुए आगामी एमएलसी चुनाव में अपनी पक्की जीत का दावा भी ठोका।
अनंत ने क्या बोला था?
बता दें कि इससे पहले अनंत सिंह ने नीरज कुमार के दावों का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि उनका नाम पुदीना सिंह है और 23 अक्टूबर को सारा 'पुदीना' और नीरज कुमार की 'गैस' निकल जाएगी।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लगातार सक्रिय अनंत सिंह अब नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मैदान में हैं और दावा कर रहे हैं कि उनके समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह की ऐतिहासिक जीत होगी, जबकि बाकी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जाएगी।
