किसानों को KCC लोन देने में बैंकों की आनाकानी, कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दी कार्रवाई की चेतावनी
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने किसानों को केसीसी और फसल ऋण उपलब्ध कराने में बैंकों की सुस्ती पर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि असहयोगात्मक रवैया अपनाने वाले बैंकों पर कार्रवाई की जाएगी और छोटे किसानों को प्राथमिकता से ऋण दिया जाए।

मंत्री विजय सिन्हा। फाइल फोटो
HighLights
मंत्री ने केसीसी ऋण में बैंकों की सुस्ती पर चेताया।
असहयोगी बैंकों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
लघु-सीमांत किसानों को केसीसी प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं।
राज्य ब्यूरो, पटना। किसानों की वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैंकों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए ऋण उपलब्ध कराने में सक्रियता और संवेदनशीलता दिखानी होगी।
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने में बैंकों के कन्नी काटने पर कृषि मंत्री विजय सिन्हा से चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को केसीसी एवं फसल ऋण उपलब्ध कराने में असहयोगात्मक रवैया अपनाने वाले बैंकों एवं उनकी शाखाओं को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड किसानों को खेती एवं कृषि से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है।
इसके माध्यम से किसान बीज, उर्वरक, कीटनाशक, मजदूरी, सिंचाई तथा अन्य कृषि कार्यों पर होने वाले खर्च के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए केसीसी खेती की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार बैंकों के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 18 प्रतिशत ऋण उपलब्ध कराने का प्रविधान है। इसके बावजूद कृषि क्षेत्र में अपेक्षित ऋण वितरण नहीं होना चिंताजनक है।
कृषि मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों द्वारा किसानों को ऋण उपलब्ध कराने में अपेक्षाकृत उत्साह दिखाया जा रहा है, लेकिन बड़े वाणिज्यिक बैंकों एवं निजी बैंकों को भी किसानों के प्रति अधिक उदार और जिम्मेदार रवैया अपनाना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर किसान क्रेडिट कार्ड एवं फसल ऋण उपलब्ध कराने पर बल दिया।
KCC की ग्रोथ धीमी
उन्होंने कहा कि चालू तिमाही में फसल ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 8.8 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज होना गंभीर विषय है। यह स्थिति दर्शाती है कि किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के प्रयासों में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनके अधिकार एवं आवश्यकता के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत कुल 50.25 लाख खातों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध बैंकों द्वारा अब तक कुल 7.38 लाख किसान क्रेडिट कार्ड (नए एवं नवीनीकृत) स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं, जिनके माध्यम से किसानों को 8,344.70 करोड़ रुपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।