बिहार में चुनाव से पहले खटाखट नौकरी... 6500 पदों पर जल्द होगी भर्ती, नियमावली का गजट प्रकाशित
बिहार के सरकारी स्कूलों में लगभग साढ़े छह हजार पुस्तकालयाध्यक्षों की भर्ती जल्द होगी। यह नियुक्ति पात्रता परीक्षा के माध्यम से होगी जिसमें उत्तीर्ण उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। प्रथम चरण में अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही लिपिक और परिचारी पदों पर भी अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के सरकारी विद्यालयों में तकरीबन साढ़े छह हजार पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति शीघ्र होगी। यह नियुक्ति पात्रता परीक्षा के आधार पर होगी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। खास बात यह है कि पात्रता परीक्षा एवं नियुक्ति के प्रथम समव्यवहार में अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट देय होगी।
इसका प्रविधान बिहार विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवाशर्त) नियमावली- 2025 संबंधी प्रकाशित राजपत्र (गजट) में किया गया है।
इसके अतिरिक्त बिहार राज्य विद्यालय लिपिक (नियुक्ति, सेवाशर्त एवं अनुशासनिक कार्रवाई) संवर्ग नियमावली-2025 और एवं बिहार राज्य विद्यालय परिचारी (नियुक्ति, सेवाशर्त एवं अनुशासनिक कार्रवाई) संवर्ग नियमावली-2025 संबंधी गजट को प्रकाशित किया गया है।
राज्य के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों, विद्यालय लिपिकों एवं विद्यालय परिचारियों की नियुक्ति के लिए बनी अलग-अलग नियमावली का गजट में प्रकाशित होने के साथ ही तीनों नियमावली लागू हो गयी हैं।
लिपिकों और परिचारियों के पदों पर सेवाकाल में मृत शिक्षकों एवं कर्मियों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 16 जुलाई तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा होंगे और छह अगस्त को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
शेष पदों पर सीधी नियुक्ति की जाएगी। हालांकि, विद्यालय लिपिकों के 15 प्रतिशत पद विद्यालय परिचारियों की प्रोन्नति से भरने के प्रविधान बिहार राज्य विद्यालय लिपिक (नियुक्ति, सेवाशर्त एवं अनुशासनिक कार्रवाई) संवर्ग नियमावली- 2025 में किया गया है।
इससे इतर बिहार विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक काररवाईं एवं सेवाशर्त) नियमावली- 2025 के तहत पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा से होनी है।
इस पद के लिए निर्धारित अहर्ता में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष के लिए आयोजित पात्रता परीक्षा में उत्तीर्णता अनिवार्य है। इसका मतलब यह हुआ कि पुस्तकालयाध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों को पहले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।