Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'पीएम और उनकी मां को गालियां दिला रहे लालू यादव', सम्राट चौधरी बोले- अब पानी सर से ऊपर

    Updated: Sun, 21 Sep 2025 05:30 AM (IST)

    बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का अपमान बताया और तेजस्वी से माफी की मांग की। नित्यानंद राय ने भी तेजस्वी की आलोचना की। राजद ने वीडियो की सत्यता पर संदेह जताया और भाजपा पर साजिश रचने का आरोप लगाया।

    Hero Image
    सम्राट चौधरी ने लालू यादव पर लगाए गंभीर आरोप। (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, पटना। आक्रोश मिश्रित क्षोभ में उप मुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा ने राजद नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन को गाली-गलौज वाली राजनीति पर खामियाजे की चेतावनी दी है।

    शनिवार आधी रात में बयान जारी कर नेताद्वय ने कहा कि तेजस्वी के मंच से, उनकी उपस्थिति में, एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां, जो स्वर्गवासी हो चुकी हैं, को गाली दी गई। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र का घोर अपमान है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सम्राट ने कहा कि यह सब कुछ राजद प्रमुख लालू प्रसाद और उनका परिवार करा रहा। क्या मां-बहनों को गाली देना ही विपक्ष का संस्कार और हथियार बन गया है? तेजस्वी ने बिहार की संस्कृति को एक बार फिर तार-तार कर दिया।

    रैली में राजद के कार्यकर्ता गाली दे रहे और तेजस्वी हौसला बढ़ा रहे थे। इस मानसिकता और गाली का हिसाब बिहार की माताएं-बहनें जरूर करेंगी।

    सिन्हा ने तेजस्वी को जंगलराज का युवराज बताया और कहा कि उन्हें संस्कार ही नहीं। बिहार को कलंकित करने के लिए तेजस्वी को क्षमा याचना करनी चाहिए।

    वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर अपलोड कर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखा है कि गाली-गलौज में पीएचडी कर चुके तेजस्वी और उनके गुर्गों की एक और शर्मनाक करतूत। यह गाली दुनिया में सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध हार की बौखलाहट में है।

    तेजस्वी और राजद वाले याद रखें, आपका संस्कार, आपका चरित्र सड़क पर है। देश और बिहार के लोग देख रहे हैं। करारा जवाब मिलेगा। अब पानी सर से ऊपर गुजर रहा है। 14 करोड़ बिहारियों की भावनाओं पर चोट करना बहुत महंगा पड़ेगा।

    राजद ने वीडियो पर संदेह जताया और कर दी जांच की मांग

    वहीं, वीडियो पर संदेह प्रकट करते हुए राजद ने इसे भाजपा का प्रपंच बताया है और जांच की मांग की है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने शनिवार आधी रात बयान जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा को मिले अभूतपूर्व समर्थन से भाजपा काफी घबरा गई है।

    यात्रा में तेजस्वी द्वारा जिन मुद्दों को उठाया जा रहा है, भाजपा और उसके सहयोगी उन मुद्दों पर कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए ध्यान भटकाने के लिए भाजपा द्वारा प्रायोजित तरीके से कुचक्र और प्रपंच किया जाता रहा है। बिहार की जनता इसे समझ चुकी है।

    राजद का संस्कार ऐसा नहीं है कि वह किसी के भी प्रति अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करे। जिस वीडियो को दिखाया जा रहा है, उसकी विश्वसनीयता पर ही संदेह है। भाजपा का राजनीतिक आधार ही झूठ और प्रपंच पर टिका है।

    यदि किसी ने भी प्रधानमंत्री के विरुद्ध अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया है तो राजद उसकी तीखे शब्दों में भर्त्सना करता है। इसके साथ ही राजद की मांग है कि इस प्रकरण की जांच कराई जाए और अगर कोई दोषी है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो।