विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Liquor Death: बिहार में जहरीली शराब से अब तक कितनी मौतें? आगबबूला हुए प्रशांत किशोर; मांझी ने दे डाली चुनौती

Published: Fri, 18 Oct 2024 10:16 AM (IST)Updated: Fri, 18 Oct 2024 11:04 AM (IST)

बिहार के सिवान और छपरा में जहरीली शराब से होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मृतकों ...और पढ़ें

बिहार में जहरीली शराब पर सियासी संग्राम (जागरण फोटो)
बिहार में जहरीली शराब पर सियासी संग्राम (जागरण फोटो)

HighLights

  1. बिहार में जहरीली शराब से मौत से कोहराम मच गया है
  2. जहरीली शराब से मौत पर अब सियासत भी शुरू हो गई

जागरण संवाददाता,सिवान/छपरा/गोपालगंज/पटना। सिवान व छपरा के सीमावर्ती भगवानपुर व मशरक प्रखंड समेत आसपास जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 48 पहुंच गई। जहरीली शराब पीने से शुक्रवार को छपरा में दो लोगों की मौत हो गई।

दोनों मृतक सारण जिले के मशरख प्रखंड के रहने वाले हैं। मशरख में मंगलवार से गुरुवार रात तक 70 मरीजों ने इलाज के लिए आए। शुक्रवार सुबह तक 11 पीड़ितों का इलाज चल रहा है। वहीं सिवान में शुक्रवार सुबह तक आठ पीड़ितों का उपचार चल रहा है। पटना पीएमसीएच में दोनों जिले के 21 पीड़ित उपचार के लिए भर्ती कराए गए थे। जिनमें 13 इलाजरत हैं।

वहीं इस मामले पर नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। प्रशांत किशोर जहां सरकार पर आगबबूला हो गए तो जीतन राम मांझी ने उन्हें चुनौती दे दी। 

क्या कहा प्रशांत किशोर ने?

बिहार में जहरीली शराब त्रासदी पर जनसुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं पहला व्यक्ति हूं जो सार्वजनिक तौर पर हर मंच से ये बात पिछले 3 साल से कह रहा हूं कि बिहार में शराबबंदी कहीं लागू है ही नहीं। शराबबंदी सिर्फ सरकारी फाइलों में नेताओं के भाषणों में लागू है।

कल की घटना बहुत दुखद है। छपरा में 1.5 साल पहले 70 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई थी। बिहार का कोई जिला नहीं है जहां जहरीली शराब से लोगों की मृत्यु नहीं हुई है।

कई घटनाओं का तो रिपोर्ट तक नहीं हुई है। इसका फायदा केवल भ्रष्ट नेताओं माफियाओं को हो रहा है। इतनी संवेदनहीनता आ गई है कि इतनी मौत के बाद सरकार की ओर से सरकार के मुखिया नीतीश कुमार वहां जाएंगे तक नहीं

जीतन राम मांझी के बयान से हो सकता है बवाल

बिहार में जहरीली शराब से मौत पर जीतन राम मांझी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि 13-14 करोड़ की आबादी वाले बड़े राज्यों में ऐसी घटनायें होती रहती हैं। जीतन राम मांझी ने इस दौरान प्रशांत किशोर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर नए-नए पहलवानी में उतरे हैं। चुनाव में उनका बुरा हाल होने वाला है। बिहार सरकार बहुत तत्परता से काम कर रही है।

मांझी के बेटे और बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा है कि RJD के लोग शराब बिकवा रहे हैं। इस पर राजनीति करना गलत बात है।

बरामद पाउच में 80 फीसदी मिथाइल अल्कोहल की बात

बरामद पाउच में पैक शराब की जांच में 80 प्रतिशत मिथाइल अल्कोहल पाया गया है। यह जहरीला होता है, इसका प्रयोग व्यावसायिक कार्य में होता है।

दैनिक जागरण ने पहले ही दिन मिथाइल अल्कोहल के मिश्रण के कारण शराब के जहरीले होने की आशंका जताते हुए खबर प्रकाशित की थी। मृतकों में सिवान में दो महिलाओं समेत 25, सारण में 13, गोपालगंज में एक एवं पटना के पीएमसीएच रेफर चार शामिल हैं।

सिवान, सारण व पटना के पीएमसीएच में कुल 80 लोग भर्ती हैं, वहीं पीएमएसीएच से चार लामा (लीव अगेंस्ट मेडिकल एडवाइस) घोषित हैं। सिवान में पुलिस की एसआइटी (स्पेशल टास्क फोर्स) ने 10 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। सारण एसपी कुमार आशीष ने बताया कि विगत 24 घंटे में 1648 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं 37 शराब तस्कर गिरफ्तार किए गए।

सीएम नीतीश कुमार ने दिए सख्त आदेश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को सिवान व सारण में जहरीली शराब कांड पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कहा कि इस कांड की सघन जांच की जाए। साथ ही संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मौजूद मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव को उन्होंने कहा कि वह घटनास्थल पर जाकर पूरी स्थिति की जानकारी लें। सभी बिदुओं पर सघन जांच करें।

एडीजी (मद्य निषेध) अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर जाएं और जांच करें। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को यह निर्देश दिया कि पूरे घटनाक्रम की वह अपने स्तर से लगातार मॉनीटरिंग करते रहें। इस घटना के लिए जो दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से यह अपील की कि शराब पीना बुरी बात है। यह लोगों को समझना चाहिए। शराब पीने से न सिर्फ स्वास्थ्य खराब होता है, बल्कि परिवार और समाज में अशांति का माहौल उत्पन्न होता है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसका सभी लोग पालन कर रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्व समाज में अशांति पैदा करना चाहते हैं। उनसे लोग सतर्क रहें।

ये भी पढ़ें

सिवान-छपरा में जहरीली शराब से 'कोहराम', भागलपुर में भी खतरे के बादल; अबतक 17000 लीटर बरामद

Siwan News: सिवान में जहरीली शराब से मौत का तांडव, अब तक 20 लोगों की गई जान; तीसरे दिन भी 4 लोगों की टूटी सांस