बिहार के स्कूलों में महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार पड़ेगा भारी, 90 दिन में होगी जांच और तुरंत नपेंगे अफसर-कर्मी
विद्यालयों और शिक्षा विभाग में महिला शिक्षकों व कर्मियों से दुर्व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होगी, इसे कदाचार माना जाएगा।

बिहार के स्कूलों में महिला शिक्षकों से दुर्व्यवहार पड़ेगा भारी (AI Generated Image)
HighLights
महिला शिक्षकों, कर्मियों से दुर्व्यवहार पर होगी सख्त कार्रवाई।
इसे सरकारी सेवक के आचरण के विरुद्ध कदाचार माना जाएगा।
हर कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। विद्यालयों और शिक्षा विभाग के कार्यालयों में महिला शिक्षकों एवं कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे व्यवहार को सरकारी सेवक के आचरण के विरुद्ध और कदाचार माना जाएगा। संबंधित नियुक्ति प्राधिकार दोषी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकेंगे।
इस संबंध में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बुधवार को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
निर्देश में कहा गया है कि महिला शिक्षकों एवं कर्मियों के साथ आदरपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्हें काम करने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप योगदान देने के समान अवसर मिलें। स्कूल परिसर में उनके साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिला कर्मियों की शिकायतों के निवारण के लिए हर कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। इस समिति की अध्यक्ष वरीयतम महिला कर्मी होंगी।
किसी महिला कर्मी या शिक्षिका के साथ गलत व्यवहार होने पर वह 90 दिनों के भीतर समिति की अध्यक्ष को लिखित शिकायत दे सकती हैं। समिति प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप मामले की जांच करेगी।
विभाग ने महिला शिक्षकों की शैक्षणिक एवं सामाजिक भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया है। उन्हें छात्राओं के लिए मेंटर की जिम्मेदारी देने, अभिभावक-शिक्षक बैठक में माताओं से संवाद करने तथा राष्ट्रीय एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया है।