सरकारी अस्पतालों में रेडिएशन सुरक्षा की कमान विशेषज्ञों के हाथ, मेडिकल फिजिसिस्ट होंगे नियुक्त; बिहार कैबिनेट की मंजूरी
बिहार मंत्रिमंडल ने सरकारी अस्पतालों में रेडिएशन सुरक्षा के लिए मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी अफसरों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इसके साथ ही, प्रोस्थेटिक-ऑर्थोटिक्स संवर्ग, प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी और सड़क चौड़ीकरण सहित कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को भी स्वीकृति मिली।

पटना के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 पदों के सृजन को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी
HighLights
सरकारी अस्पतालों में रेडिएशन सुरक्षा हेतु विशेषज्ञ नियुक्त होंगे।
पिछड़े छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी मिलेगी।
मधेपुर-रामपुर-भूपट्टी सड़क का 192.94 करोड़ से चौड़ीकरण।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और कैथ लैब जैसी रेडिएशन आधारित जांच एवं उपचार की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए अब विशेषज्ञों की नियुक्ति होगी।
मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को रेडिएशन के संभावित दुष्प्रभावों से बचाने के लिए राज्य सरकार मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी अफसरों की नियुक्ति करेगी। बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा (भर्ती एवं सेवा शर्त) संवर्ग नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई।
प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिक्स के लिए बनेगा अलग संवर्ग
मंत्रिमंडल ने बिहार प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिक्स गैर शैक्षणिक संवर्ग नियमावली-2026 के गठन को भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग में प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिस्ट के तकनीकी पदों पर नियुक्ति, प्रोन्नति और सेवा शर्तों के लिए प्रावधान तय किए जाएंगे। इससे इन तकनीकी पदों पर भर्ती और कर्मचारियों की सेवा संबंधी व्यवस्था व्यवस्थित हो सकेगी।
38 जिलों में प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी
बिहार के सभी 38 जिलों में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
इसके लिए हाईब्रिड मोड की व्यवस्था होगी, जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। मंत्रिमंडल ने इस योजना को मंजूरी दी है। इस पर सालाना 31.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मधेपुर-रामपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण को 192.94 करोड़
झंझारपुर पथ प्रमंडल के अंतर्गत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत सड़क की मौजूदा चौड़ाई 3.75 से 5.50 मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी।
यह सड़क झंझारपुर, फुलपरास, राजनगर और बाबूबरही विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए एनएच-27 के 19वें किलोमीटर को क्रास कर निर्माणाधीन एनएच-527ए से जुड़ेगी।
अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण में 17 पद सृजित होंगे
मंत्रिमंडल ने प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी के 17 पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इससे विभागीय कार्यों के संचालन और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के लिए 164.51 करोड़
पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के विस्तार को ध्यान में रखते हुए 164.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026 को भी मंजूरी प्रदान की गई।
पिछड़ा-अतिपिछड़ा कल्याण विभाग में भी बढ़ेंगे पद
पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 17 पदों के सृजन को स्वीकृति मिली है। साथ ही पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण लिपिकीय संवर्ग नियमावली-2026 को भी मंजूरी दी गई है। इससे विभाग में कर्मचारियों की नियुक्ति और सेवा संबंधी प्रावधानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा।
आइजीआइएमएस में क्रिटिकल केयर के 64 पद स्वीकृत
इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस), पटना के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 पदों के सृजन को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। इससे गंभीर मरीजों के उपचार से जुड़ी विभागीय व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।