बिहार सरकार का आश्वासन...राजस्व महा अभियान के बाद भी सेवाएं जारी रहेंगी
पटना में राजस्व महा अभियान समाप्त होने के बाद भी रैयतों को दाखिल-खारिज नामांतरण और जमाबंदी पंजी में सुधार जैसी सेवाएं मिलती रहेंगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने स्पष्ट किया कि ये सेवाएं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी रहेंगी।यह 20 सितंबर के बाद भी पूर्ववत जारी रहेंगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजस्व महाअभियान के समाप्त होने के बाद भी इसमें शामिल की गई सेवाएं जारी रहेंगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने उन आशंकाओं को निर्मूल बताया है, जिसमें कहा जा रहा है कि महाअभियान की समाप्ति के साथ ही रैयतों को दी जा रही सेवाएं बंद हो जायेगी।
सिंह ने गुरुवार को साफ किया कि यह अभियान है। इसका उद्देश्य जल्द से जल्द जमीन से जुड़े दस्तावेजों की त्रुटियों में सुधार करना है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि अभियान के समाप्त होने पर ये सेवाएं बंद हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, नामांतरण एवं जमाबंदी पंजी में सुधार संबंधी सेवाएं पहले से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दी जा रही हैं।
यह 20 सितंबर के बाद भी पूर्ववत जारी रहेंगी। सचिव ने कहा कि महाअभियान का विशेष भूमि सर्वेक्षण से कोई जुड़ाव नहीं है। मालूम हो कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग पिछले 16 अगस्त से महा अभियान चला रहा है। यह 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन कर दस्तावेजों की त्रुटियों में सुधार किया जा रहा है।
इस क्रम में विभाग के कर्मी हरेक रैयत के पास पहुंच रहे हैं। उन्हें जमाबंदी पंजी की प्रति दे रहे हैं। शिविरों में आपत्तियां आमंत्रित की जा रही हैं। मौके पर सुधार किया जा रहा है। जय सिंह ने बताया कि बेशक महा अभियान के बाद शिविर नहीं लगाए जाएंगे। लेकिन, दस्तावेजों में सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।