Bihar Election 2025 Live Update: 'नीतीश कुमार ही होंगे सीएम', यूपी डिप्टी CM केशव प्रसाद बोले- NDA की चल रही सुनामी
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के पहले चरण के नामांकन का आज अंतिम दिन है। संभावना है कि सभी दलों के प्रत्याशी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। महागठबंधन में अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन दलों ने अपने प्रत्याशियों को सिंबल देना शुरू कर दिया है।

यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने मीडिया से की बात।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के लिए आज पहले चरण के नामांकन का आठवां और आखिरी दिन है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आज खत्म हो रहे पहले चरण के नामांकन से पहले आज सभी दलों के प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। हालांकि ध्यान देने वाली बात ये है कि महागठबंधन में अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन दलों ने अपने प्रत्याशियों को सिंबल देना शुरू कर दिया है।
पीएम मोदी का व्यक्तित्व हिमालय जितना मजबूत- रामदेव
बिहार विधानसभा चुनाव पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि बिहार में महागठबंधन समेत हर कोई पूरी ताकत दिखा रहा है। सबको भरोसा है कि वे जीतेंगे, चाहे वह महागठबंधन हो, प्रशांत किशोर हों या फिर ओवैसी। हालांकि, एनडीए, जो न केवल इस समय देश का सबसे राजनीतिक रूप से शक्तिशाली गठबंधन है, बल्कि जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं, जिनका व्यक्तित्व हिमालय जितना मजबूत है। आज कोई भी विपक्षी नेता पीएम मोदी का मुकाबला करने में सक्षम नहीं है।
सीएम फेस पर कांग्रेस हाईकमान लेगी फैसला- अशोक गहलोत
महागठबंधन पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि सब कुछ ठीक है। चुनाव बहुत अहम हैं और उसकी तैयारी चल रही है... गठबंधन में कोई झगड़ा नहीं है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर उन्होंने कहा कि यह फैसला हमारी कांग्रेस हाईकमान लेगी और आपस में बातचीत चल रही है।
दलदल में फंसा दिख रहा महागठबंधन- शांभवी चौधरी
LJP(रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 पर कहा कि हमें सकारात्मक फीडबैक मिल रहे हैं और अभी भी महागठबंधन कही न कही दलदल में फंसा दिख रहा है और हमें लगता कि NDA आधा चुनाव तो ऐसे ही जीत गया है क्योंकि महागठबंधन अभी भी चुनावी मैदान में स्पष्टता से नहीं उतर पाए हैं। ये दर्शाता है कि जो अपने गठबंधन के भीतर मामले का निवारण नहीं कर पा रहा है वो बिहार की बातों को कहा से रखेगा।
एकतरफा जीतेगा एनडीए- शाहनवाज हुसैन
भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एकतरफा NDA जीतने जा रहा है। महागठबंधन में महाफूट है। उनके यहां अभी लड़ाई चल रही है...कोई शक नहीं है कि NDA भारी बहुमत से जीतेगा।
नीतीश कुमार ही होंगे सीएम- केशव प्रसाद मौर्या
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कहा कि बिहार में 2025 में 2006 दोहराने की ओर हम बढ़ गए हैं। बिहार पूरे देश की राजनीति का मिशाल बनेगा। बिहार का पूरा संदेश पूरे देश में जाएगा। जंगल राज, माफिया राज, गुंडा राज कोई नहीं चाहता है। सबका साथ, सबका विकास NDA कर रहा है....NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीतेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे।
सब ठीक है और सब ठीक रहेगा- उपेंद्र कुशवाहा
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एनडीए में सब ठीक है सब ठीक रहेगा और जनता के आशीर्वाद से फिर एक बार NDA की सरकार बनेगी।
मंगलराज में रहना है जंगल राज में नहीं- अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिहार में जो विकास की रफ्तार है उसको जनता जानती है और जनता मानती है कि मंगल राज में ही रहना है जंगल राज में नहीं जाना है। LED का बल्ब जलाना है वापस लालटेन का दौर नहीं लाना है। बच्चों के हाथ में लैपटॉप देना है। बच्चों को सुनहरा भविष्य देना है तो भाजपा-NDA की सरकार लानी है।
यह चुनाव सरकार बनाने के साथ बिहार बचाने के लिए भी है: विजय सिन्हा
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने के साथ बिहार बचाने के लिए भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन की सरकार देश और बिहार को नई दिशा दी है। राजद - कांग्रेस के शासन में बिहार अपराध और उग्रवाद से त्रस्त था। वे शुक्रवार को जमुई विधानसभा से राजग समर्थित भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के नामांकन के उपरांत शिल्पा विवाह भवन में आयोजित सभा को संबंधित कर रहे थे।
पप्पू यादव को RJD उम्मीदवार के समर्थकों ने खदेड़ा
तेजस्वी यादव के खिलाफ बयानबाजी कर रहे पप्पू यादव को RJD उम्मीदवार के समर्थकों ने खदेड़ दिया। पप्पू यादव लालगंज से कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होने आए थे। वे लालगंज से राजद की ओर से प्रत्याशी दिए जाने के विरोध में बयान दे रहे थे। शिवानी शुक्ला को लालगंज से राजद ने टिकट दिया है.
मुकेश सहनी नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि वो बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन सभी 243 सीटों पर प्रचार करेंगे।
छपरा से खेसारी का नामांकन
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन के आखिरी दिन भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव छपरा से राजद के सिंबल पर नामांकन के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
अलीनगर से भाजपा की मैथिली ठाकुर उम्मीदवार
पहले चरण के नामांकन के अंतिम दिन अलीनगर से भाजपा की मैथिली ठाकुर, गौड़ाबौराम से वीआईपी के मुकेश सहनी, गौड़ाबौराम से भाजपा के सुजीत कुमार और द प्लुरल्स की पुष्पम प्रिया भी अपने-अपने क्षेत्र से नामांकन के लिए निकल चुके हैं
सीट बंटवारे में देरी गठबंधन के आकार में वृद्धि के कारण: दीपांकर भट्टाचार्य
भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा है कि बिहार चुनावों के लिए इंडिया ब्लॉक द्वारा सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों की घोषणा में अत्यधिक देरी, गठबंधन के आकार में वृद्धि के कारण हुई है, न कि "इसके बिखराव का संकेत"।
अमित शाह का बयान आधिकारिक: जीतन राम मांझी
बिहार चुनाव पर केंद्रीय मंत्री और हम (एस) के संरक्षक जीतन राम मांझी का कहना है कि, "अमित शाह एनडीए के प्रमुख नेताओं में से एक हैं और अगर उन्होंने कुछ कहा है तो उसे आधिकारिक माना जाना चाहिए... हालांकि, व्यक्तिगत रूप से मेरा मानना है कि नेता यानी संभावित मुख्यमंत्री का नाम चुनाव से पहले तय हो जाना चाहिए था। इसमें कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए। यह अस्पष्टता महागठबंधन में भी है, यही वजह है कि उनकी सूची आज तक भी अंतिम रूप नहीं ले पाई है... सौभाग्य से, एनडीए में अब तक सब कुछ ठीक रहा है...
हाल ही में, मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की थी जब एक विशेष पार्टी ने जेडीयू को आवंटित सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा था... लेकिन अब सब कुछ सुलझ गया है... व्यक्तिगत रूप से, मेरा मानना है कि चुनाव से पहले जनता को यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि मुख्यमंत्री कौन होगा।"
बिहार के दौरे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज बिहार के दौरे पर हैं और आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में, वे भाजपा के प्रचार अभियान में सक्रिय हो गए हैं। फडणवीस आज बेगूसराय और पटना साहिब, दो महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के लिए सभाएँ और रोड शो करेंगे।
बेगूसराय में रोड शो
फडणवीस का आज का दौरा बेगूसराय में एक भव्य रोड शो के साथ शुरू होगा। सुबह वे वहाँ भाजपा उम्मीदवारों के साथ एक रैली और कार्यकर्ताओं की एक सभा में भाग लेंगे। बिहार के इस औद्योगिक शहर में फडणवीस का प्रचार दौरा हिंदू मतदाताओं और युवाओं को एक साथ लाने के लिहाज से भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पटना साहिब में जनसभा
बेगूसराय के बाद, फडणवीस पटना साहिब पहुँचेंगे, जहाँ वे एक भव्य जनसभा में पार्टी उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे। चूंकि पटना साहिब राजनीतिक और धार्मिक रूप से संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्र है, इसलिए फडणवीस का दौरा भाजपा के लिए रणनीतिक है।
नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे अमित शाह
बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को अचानक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास 1 अणे मार्ग पहुंचे। इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अमित शाह आज छपरा और पटना में रैली भी करेंगे।
अपना घर देखें: पप्पू यादव
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन के सीट बंटवारे पर कहा, "उन्हें अपने घर में देखना चाहिए कि क्या हो रहा है... हमारे गठबंधन में सब ठीक है।"
एनडीए ने सीटों का बंटवारा बहुत पहले ही तय: मनोज तिवारी
महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "...जहां आपस में दिल भी नहीं मिले हैं, बस किसी तरह सत्ता में बने रहने की लालसा है, ठीक वैसा ही होता है जैसा महागठबंधन में हो रहा है। एनडीए ने सीटों का बंटवारा बहुत पहले ही तय कर लिया था और उसके बाद आज हमारे नामांकन का आखिरी दिन है... बड़े-बड़े दावे करने वाले मैदान से भाग गए हैं। हम पी.के. (प्रशांत किशोर) को भी नहीं देख पा रहे हैं। बिहार की भावना एनडीए के साथ है।"
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव को राजद द्वारा छपरा विधानसभा से टिकट दिए जाने पर वे कहते हैं, "युवाओं और कलाकारों को राजनीति में आना चाहिए। लेकिन आने के बाद सेवा कर पाना उनके लिए एक चुनौती होगी, वे इसे कैसे कर पाएंगे, इसके लिए शुभकामनाएं।"
प्रवर्तन एजेंसियों और सुरक्षा बलों के प्रमुखों की समिति की बैठक
चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को प्रलोभन देने से रोकने की अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को प्रवर्तन एजेंसियों और सुरक्षा बलों के प्रमुखों की समिति की बैठक बुलाई है।
हमारी पार्टी को दरकिनार नहीं किया:उपेंद्र कुशवाहा
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, "चर्चा की पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और यह तय हो गया है कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा... हमारी पार्टी को दरकिनार नहीं किया गया है। हमें छह सीटें दी गई हैं..."
नीतीश कुमार हमारे नेता हैं: गुरु प्रकाश पासवान
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने नीतीश कुमार के दोबारा सीएम बनने पर कहा, "आप निश्चिंत रहिए, नीतीश कुमार हमारे नेता हैं और उनके पास पूर्ण बहुमत है। बिहार में सुशासन और विकास का उनका ट्रैक रिकॉर्ड रहा है।"
विकास ही हमारी पहचान: रवि किशन
बिहार चुनाव 2025 को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, "विकास ही हमारी पहचान है। हमारा ध्यान महिला सुरक्षा और युवाओं के रोजगार पर है।"
राजद नेता सरफराज आलम जन सुराज में शामिल हुए
पूर्व लोकसभा सांसद और बिहार के जोकीहाट से चार बार विधायक रहे सरफराज आलम गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए।
सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि,"अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने 10वीं कक्षा पास की है या नहीं..":