Bihar News: CM नीतीश की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी, सात निश्चय के तहत होगा बाईपास का निर्माण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं इनमें सड़क और बाईपास निर्माण भी शामिल है। अब सीएम की घोषणाओं को पूरा करने का काम भी शुरू हो गया है। प्रगति यात्रा में घोषित किए गए बाईपास का निर्माण सात निश्चय के तहत ही किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग द्वारा कार्ययोजना बनाई जा रही है।

राज्य ब्यूरो,पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान उनके स्तर पर जिन-जिन जगहों पर बाईपास निर्माण की घोषणा हो रही है, उन्हें सात निश्चय कार्यक्रम के तहत ही बनाया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के स्तर पर इसकी कार्ययोजना बनाई जा रही। बाईपास निर्माण का शीर्ष सात निश्चय के तहत ही शामिल है, बाईपास का निर्माण चरणबद्ध होगा।
वार्षिक कार्ययोजना में किया जाएगा शामिल
- राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब इन्हें वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। कई जगहों पर एनएचएआई को बाईपास निर्माण के लिए एजेंसी बनाया गया है।
- बेतिया शहर, मुजफ्फरपुर में रिंग रोड, पिपरा बाजार एवं त्रिवेणीगंज में एनएचएआई की देखरेख में बाईपास का निर्माण होगा। इन जगहों पर पथ निर्माण विभाग बाईपास बनाएगा।
पथ निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा निर्माण कार्य
पथ निर्माण विभाग द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित किए गए बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इसकी लागत भी तय हो गई है।
- गोपालगंज में मीरगंज बाईपास पथ निर्माण विभाग बनाएगा, इसकी लागत 131 करोड़ रुपये है।
- इसी तरह गोपालगंज में एनएच-27 से एनएच 531 तक बाईपास का निर्माण भी पथ निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा, इसकी लागत 126 करोड़ रुपये है।
गोपालगंज में कटैया औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर चिंहित स्थल को विजयीपुर-देवरिया सड़क को जोड़ने के लिए 90 करोड़ की लागत से बाईपास का निर्माण पथ निर्माण विभाग करेगा। समस्तीपुर में सरायरंजन बाईपास का निर्माण भी पथ निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
खगड़िया के गोगरी जमालपुर से जीएन बांध होते हुए फतेहपुर तक बाईपास का निर्माण पथ निर्माण विभाग की देखरेख में होगा। बेगूसराय जिले में बखरी-बहादुरपुर के बीच 135 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास का निर्माण होगा।
प्रगति यात्रा में शेखपुरा में सीएम ने की ये बड़ी घोषणाएं
प्रगति यात्रा में शेखपुरा के गगौर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिला के लिए कई नई विकास योजनाओं की घोषणा की है। इन घोषणाओं में पर्यटक स्थल, नई सड़कें, प्रेक्षा गृह सहित आठ विकास योजना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर नगर क्षेत्र के मटोखर झील को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।
इसके लिए जिला प्रशासन ने पहले ही इसका प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा था। इसके लिए आकलन के लिए एक पखवाड़ा पहले पर्यटन विभाग की टीम शेखपुरा आकर स्थल का जायजा लिया था।
एक किमी लंबाई में स्थित इस झील के सुंदरीकरण के साथ पार्क, बच्चों के मनोरंजन, कैफे हाउस आदि का निर्माण कराया जाएगा। नई घोषणा में सामस विष्णुधाम का विकास की योजना भी शामिल है।
शेखपुरा को मिली दो नए बाइपास की सौगात
शेखपुरा को दो नए बाइपास मार्गों की सौगात मिली है, इसके साथ शहर में तीन बाइपास सड़कें हो जाएंगी। नया बाइपास टोठिया से पुलिस लाइन होकर कुसुंभा तक, दूसरी बाइपास जखराज स्थान से हुसैनबाद तक बनेगा।
नेमदारगंज से सामस तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। शेखपुरा में प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) का निर्माण कराया जाएगा।
शेखपुरा व चेवाड़ा में प्रखंड-सह अंचल कार्यालय के नए भवन का निर्माण होगा। सकरी सिंचाई योजना के तहत मिरजाइन व तेऊसाइन नहर की शाखा नहर प्रणालियों पुनर्स्थापन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले BJP का मास्टरस्ट्रोक, RJD और कांग्रेस की बढ़ाई टेंशन

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।