Bihar By Elections 2022 Results HIGHLIGHTS: मोकामा पर अनंत सिंह का कब्जा, गोपालगंज में भाजपा जीती; बिहार उप चुनाव के राउंडवार नतीजे देखें
Bihar By Elections 2022 Results HIGHLIGHTS: बिहार में विधानसभा उप चुनाव के नतीजे स्पष्ट हो गए हैं। मोकामा में अनंत सिंह का जलवा बरकरार रहा। गोपालगंज में भाजपा कायम रही। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित भाजपा-राजद के तमाम बड़े नेता मतगणना पर लगातार नजर बनाए रहे।

पटना, जागरण टीम। Mokama, Gopalganj, Bihar By Elections Results HIGHLIGHTS: बिहार में उप चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। मोकामा में राजद की उम्मीदवार और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी चुनाव काफी अंतर से जीत चुकी हैं। गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी चुनाव जीत गई हैं। दोनों दलों ने अपनी पुरानी सीट को बरकरार रखा है। इस तरह बिहार में उप चुनाव का मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच बराबरी पर छूटा है।
मोकामा में अनंत सिंह का कब्जा बरकरार। छोटे सरकार की पत्नी नीलम देवी जीत का प्रमाण पत्र लेने मतगणना स्थल पर पहुंची। उनके साथ आरजेडी एमएलसी और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री कार्तिक मास्टर भी थे। उन्होंने ललन सिंह की पत्नी और बीजेपी उम्मीदवार सोनम देवी को करीब 16 हजार मतों से हराया। pic.twitter.com/2H8S4VBRnE — Shubh Narayan Pathak (@PathakSNarayan) November 6, 2022
गोपालगंज में काफी नजदीकी रहा मुकाबला
बिहार में विधानसभा उप चुनाव के नतीजे आज आने हैं। मतगणना से पूर्व पूजा - अर्चना करतीं मोकामा से भाजपा प्रत्याशी सोनम देवी। pic.twitter.com/Y6EO1iJKmh — Shubh Narayan Pathak (@PathakSNarayan) November 6, 2022
बिहार में भाजपा और राजद ने बरकरार रखीं सीटें

बिहार में विधानसभा की दो सीटों के लिए उप चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। राजद ने मोकामा और भाजपा ने गोपालगंज में अपनी सीट बरकरार रखने में कामयाबी पायी है। नीतीश कुमार के साथ छोड़ने के बाद भाजपा इस बार लगभग अकेले मैदान में थी। वहीं राजद और जदयू के गठबंधन में कांग्रेस, हम और माले सहित सात दलों का समर्थन था।
कुसुम देवी को मिला जीत का प्रमाणपत्र
.webp)
गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी को जीत का प्रमाणपत्र मिल गया है। यह सीट उनके पति सुबाष सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। उन्होंने राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता को करीब दो हजार मतों से हरा दिया। कुसुम देवी ने अपनी जीत को पति के लिए श्रद्धांजलि बताया।
नीलम देवी को मिला जीत का प्रमाणपत्र

इधर, मोकामा से नीलम देवी को जीत का प्रमाणपत्र मिल गया है। उन्होंने इसका श्रेय अपने पति अनंत सिंह को दिया है। नीलम देवी ने कहा कि उनकी जीत तय थी। मोकामा की जनता अनंत सिंह के किए विकास से खुश है।
गोपालगंज में चौथे नंबर पर रहीं साधु यादव की पत्नी इंदिरा

गोपालगंज में मतों का अंतिम आंकड़ा आ गया है। यहां भाजपा की कुसुम देवी को 70053, राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता को 68259, एआइएमआइएम के अब्दुल सलाम को 12214 और बसपा की इंदिरा देवी को 8854 मत मिले हैं। इंदिरा यादव बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मामी हैं। बिहार भाजपा के पटना स्थित कार्यालय पर गोपालगंज में जीत की खुशी आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर मनाई गई।
लालू यादव के गृह जिले में हारा राजद

राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के गृह जिले गोपालगंज में उनके उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता को बेहद कम मतों से हार का सामना करना पड़ा। उनकी हार में लालू यादव के सगे साले, राबड़ी देवी के भाई और तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव का भी अहम रोल माना जा रहा है। साधु यादव की पत्नी इंदिरा यादव गोपालगंज में बसपा की उम्मीदवार थीं। राजद का दावा है कि उनके चलते मोहन प्रसाद गुप्ता के वोट खराब हुए। यही बात असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के उम्मीदवार के बारे में भी कही जा रही है। यहां तेजस्वी यादव ने कई दिन कैंप किया था।
गोपालगंज में कुसुम देवी दो हजार मतों से जीतीं
गोपालगंज में भाजपा की उम्मीदवार कुसुम देवी लगभग दो हजार मतों से चुनाव जीत गई हैं। यहां 24 राउंड में मतगणना पूरी हुई। आखिरी राउंड तक आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को 67870, जबकि बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 70053 को वोट मिले हैं। 2183 वोट से बीजेपी आगे रही। यहां बस नतीजों का एलान होना बाकी रह गया है।
गोपालगंज में कुसुम देवी आगे
गोपालगंज में 23वें राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी ने राजद प्रत्याशी से फासला और बढ़ा लिया है। यहां आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को मिला 66273 वोट मिले हैं। बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 68554 को वोट मिलेे हैं। 2281 वोट से बीजेपी आगे है।
गोपालगंज में भाजपा फिर से आगे बढ़ने लगी
गोपालगंज में 22वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी कुसुम देवी 607 मतों से आगे हो गई हैं। यहां आरजेडी प्रत्याशी को 65943 और भाजपा उम्मीदवार को अब तक 65336 को वोट मिले हैं। इधर, मोकामा में 16420 वोटों से राजद उम्मीदवार नीलम देवी की जीत हुई है। उनका सामना भाजपा की सोनम सिंह से था।
जीत का प्रमाणपत्र लेने पहुंचीं नीलम सिंह
.webp)
अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह चुनाव जीतने का प्रमाणपत्र लेने के लिए मतगणना स्थल पर पहुंच चुकी हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार नीलम देवी करीब 16 हजार मतों के अंतर से चुनाव जीत चुकी हैं। पंडारख में राजद की नीलम देवी को 24,194 और भाजपा की सोनम देवी को 15,962 वोट मिलने की बात बताई जा रही है। मोकामा में नीलम देवी को 41,909 और सोनम देवी को 36,245 वोट मिले।
गोपालगंज में फिर से घटा अंतर
गोपालगंज में भाजपा और राजद के बीच लगातार उलटफेर हो रहा है। 21वें राउंड के बाद राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता 61727 वोट पाकर केवल 65 वोट से आगे चल रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 61662 को वोट मिले हैं।
गोपालगंज में राजद फिर से आगे
गोपालगंज में राजद उम्मीदवार एक बार फिर 1135 वोट से आगे हो गए हैं। 20वें राउंड तक आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को 58862 वोट, जबकि बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 57727 को वोट मिले हैं। यहां भाजपा और राजद के समर्थकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
गोपालगंज में फंसता दिख रहा मामला
गोपालगंज में करीब एक घंटे के अंतराल के बाद 19वें राउंड की मतगणना का परिणाम सामने आ गया है। इसके बाद बीजेपी के लिए स्थिति बेहत चिंताजनक हो गई है। अब तब राजद प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को 55338 वोट, जबकि बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 55397 को वोट मिले हैं। यहां महज 59 वोट से बीजेपी आगे चल रही है। यहां 26 राउंड की मतगणना होनी है। यह सीट पहले भाजपा की रही है, लेकिन इस बार मामला फंसता दिख रहा है।
गोपालगंज में मतगणना का काम रुका
गोपालगंज में करीब एक घंटे से मतगणना का काम रुका हुआ है। यहां मामला बेहद नजदीकी हो गया है। भाजपा बेहद मामूली अंतर से गोपालगंज में आगे चल रही है। यहां बसपा और एआइएमआइएम के उम्मीदवार के मतों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। मतगणना को रोके जाने की वजह के बारे में किसी अधिकारी ने कुछ नहीं कहा है। बताया जा रहा है कि लंच के लिए मतगणना रोकी गई है। यह भी चर्चा है कि चुनाव आयोग को कुछ कागजात भेजे जा रहे हैं।
लगभग 20 हजार वोटों से जीतीं नीलम देवी

मोकामा के चुनाव में नीलम देवी लगभग 21000 वोट से चुनाव जीत गई हैं। वह राष्ट्रीय जनता दल से उम्मीदवार हैं। यह सीट उनकी पारिवारिक रही है। उनके पति अनंत सिंह मोकामा से निर्दलीय, जदयू और राजद के टिकट पर चुनाव जीतते रहे हैं।
मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी चुनाव जीतीं
मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी की जीत हो चुकी है। अब बस इसका औपचारिक एलान होना बाकी रह गया है। यहां मतों की गिनती पूरी हो चुकी है, लेकिन आखिर के दो राउंड की रिपोर्ट सार्वजनिक होनी शेष है। इससे पहले ही राजद उम्मीदवार 15 हजार से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बना चुकी थीं। नीलम सिंह ने पोस्टल बैलेट से ही लगातार हर राउंड में बढ़त बनाए रखी और फासला लगातार बढ़ता गया।
राजद के लिए बाधा बने ये दो उम्मीदवार
गोपालगंज विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा व राजद के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। लालू यादव के समर्थकों का कहना है कि इस सीट पर राजद की राह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के उम्मीदवार और साधु यादव की पत्नी इंदिरा यादव ने मुश्किल कर दी। इंदिरा यादव बसपा की उम्मीदवार हैं। साधु यादव राबड़ी देवी के सगे भाई और तेजस्वी यादव के मामा हैं।
मोकामा में अब बस घोषणा बाकी
मोकामा उप चुनाव के मतगणना में अब मात्र दो राउंड की गिनती बाकी रह गई है। 18 वें राउंड में नीलम को 70746 और सोनम को 54358 मत मिले हैं। नीलम 16488 मतों से बढ़त बनाये हुए थीं। 19वें चरण के बाद राजद प्रत्याशी नीलम देवी 16752 वोट से आगे हो गई थीं। 19वें राउंड तक
मोकामा में RJD जीत की ओर, गोपालगंज में बीजेपी को बढ़त
मोकामा में लगातार बढ़त बनाए अनंत सिंह की पत्नी और महागठबंधन उम्मीदवार नीलम देवी जीत की ओर बढ़ रही हैं। 17वें राउंट की काउंटिंग के बाद वो बीजेपी प्रत्याशी से 16 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं
नीलम देवी को 14 हजार की बढ़त
मोकामा में 15वें राउंड के बाद नीलम देवी को 58536, सोनम देवी को 44321 और उपेंद्र सहनी को 1090 वोट मिले हैं। यहां एक लाख से अधिक मतों की गिनती हो गई है। यहां राजद उम्मीदवार को 14 हजार मतों की बढ़त हासिल हो गई है। धीरे-धीरे वह जीत के करीब जाती दिख रही हैं।
नीलम देवी 50 हजार के करीब पहुंचीं
मोकामा में 14वें राउंड तक नीलम देवी 50 हजार का आंकड़ा पार कर जाएंगी। 13वें राउंड तक राजद की नीलम देवी को 49376, जबकि भाजपा की सोनम को 37798 मत मिले हैं। अब तक 91 हजार से अधिक मतों की गिनती हो चुकी है।
साधु यादव की पत्नी इंदिरा को छह हजार वोट

मोकामा में नीलम देवी की बढ़त कायम
.webp)
मोकामा में 12वें राउंड की गिनती पूरी हो गई है। यहां राजद की नीलम देवी को 46096 और भाजपा की सोनम देवी को 33944 मत मिले हैं। तीसरे नंबर पर उपेंद्र सहनी को 898 मत मिले हैं। अब उन इलाकों के मतों की गिनती हो रही है, जहां से सोनम देवी को सर्वाधिक उम्मीद थी। लेकिन नीलम देवी की बढ़त का सिलसिला कायम है।
गोपालगंज में बीजेपी दो हजार मतों से आगे
गोपालगंज में 14वें राउंड तक आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को 40,244 वोट मिले हैं। बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 42099 को वोट मिले हैं। यहां 1855 वोट से बीजेपी आगे चल रही है। 13वें राउंड तक आरजेडी प्रत्याशी को 37409, जबकि बीजेपी प्रत्याशी को 39067 को वोट मिले थे। 13वें राउंड के आधार पर 1658 वोट से बीजेपी आगे चल रही थी।
मोकामा में नीलम देवी 12 हजार मतों से आगे
मोकामा में 10वें राउंड की गिनती तक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी पर करीब 12 हजार मतों की बढ़त बना ली है। यह फासला बड़ा है। अब तक करीब 70 हजार मतों की गिनती हुई है। नीलम देवी को 39063 और सोनम देवी को 27064 वोट मिले हैं।
गोपालगंज में 12वें राउंड तक भाजपा आगे
गोपालगंज में 12वें राउंड में राजद को 3155 व बीजेपी को 2685 वोट मिले। इस राउंड में राजद 470 वोट से आगे रहा। 11वें राउंड में आरजेडी को मिले 2609 व बीजेपी को 3167 वोट मिले थे। इस राउंड में भाजपा 558 वोट से आगे रही थी। 12वें राउंड तक की गिनती में आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद को कुल 34355 व बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 36727 वोट मिले हैं। अब तक भाजपा 2355 वोट से आगे चल रही है। यहां लालू प्रसाद यादव के साले पूर्व सांसद साधु यादव की पत्नी को 5592 वोट मिले हैं। यहां 26 राउंड की मतगणना होनी है।
गोपालगंज में धुकधुकी बढ़ी
गोपालगंज में सातवें राउंड तक की गिनती में भाजपा को 22045 वोट, जबकि राजद को 21176 वोट मिले हैं। यहां कांटे का मुकाबला दिख रहा है। आठवें राउंड में आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद को 3123 व बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 3249 वोट मिले हैं। नौवें राउंड में आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद को 2124 व बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 2769 वोट मिले हैं। इसके बाद कुसुम देवी फिर से आगे हो गईं। 10वें राउंड में आरजेडी प्रत्याशी को 2178 व बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को 2812 वोट मिले हैं।
मोकामा में नौ हजार की बढ़त

मोकामा में सातवें राउंड की गिनती के बाद आरजेडी उम्मीदवार नीलम सिंह ने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की सोनम देवी पर करीब नौ हजार मतों की बढ़त बना ली है। नीलम देवी को अब तक 26595, जबकि सोनम देवी को 17056 वोट मिले हैं। सोनम देवी के समर्थकों को बाद के राउंड में वापसी करने की उम्मीद है। उनका कहना है कि तब उनके समर्थन वाले क्षेत्र के मतों की गिनती होगी।
गोपालगंज में कांटे का मुकाबला, लगातार उलटफेर हो रहा
गोपालगंज में लगातार उलटफेर होने से दोनों ही खेमों के समर्थकों की सांसें तेज हो रही हैं। यहां सातवें राउंड में बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी 869 वोट से आगे हो गई थीं। आठवें राउंड में आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद को मिले 3123 व बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को मिले 3249 वोट। नौवें राउंड में आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद को 2124 और बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी को मिले 2769 वोट मिले हैं।
नीलम देवी सात हजार से अधिक मतों से आगे
.webp)
मोकामा में सातवें राउंड की मतगणना तक नीलम देवी 7724 मतों की बढ़त बना चुकी हैं। यहां राजद उम्मीदवार नीलम देवी को 22756 और भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी को 15032 मत मिले हैं। करीब 40 हजार मतों की गिनी पूरी हो चुकी है। शेष सभी उम्मीदवारों को एक हजार से कम मत मिले हैं।
मोकामा में पांच हजार मतों से राजद आगे

मोकामा में राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार नीलम देवी चौथे राउंड तक लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। हर राउंड में मतों का फासला भी बढ़ रहा है। नीलम देवी को 15882, सोनम को 10191 मत मिले हैं। अनंत सिंह के समर्थकों का उत्साह बढ़ता ही जा रहा है।
गोपालगंज में राजद ने फिर से बनाई बढ़त
.webp)
गोपालगंज में पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद फिर बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां राजद ने बनाई बढ़त। पांचवे राउंड में बीजेपी को 2326 व राजद को मिले 3165 मत। राजद के उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता 839 वोट से आगे।
गोपालगंज में बढ़ रहा मतों का अंतर
.webp)
गोपालगंज में पहले राउंड में पिछड़ने के बाद भाजपा प्रत्याशी कुसुम देवी ने दूसरे ही राउंड से बाजी पलट दी और चौथे राउंड तक वह लगातार बढ़त बनाते जा रही हैं। चौथे राउंड में बीजेपी को 3600 व राजद को 1960 मत मिले हैं। कुसुम देवी और मोहन प्रसाद गुप्ता के बीच मतों का अंतर भी बढ़ता जा रहा है। गोपालगंज में मतगणना के तीसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी कुसुम देवी को 3370 व राजद को 2954 मत मिले थे। राजद प्रत्याशी तीसरे राउंड तक 416 वोट से पीछे थे। चौथे राउंड में वे करीब 1600 मतों से पीछे हो गए।
अनंत सिंह के खेमे में खुशी का माहौल

मोकामा सीट पर दूसरे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद राजद की स्थिति और मजबूत हो गई है। यहां राजद को 9435 और भाजपा को 5491 मत मिले हैं। अब तक 15522 मतों की गिनती हो चुकी है। इसके साथ ही अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के खेमे में जश्न शुरू हो गया है।
गोपालगंज में भाजपा ने पलटी बाजी
गोपालगंज में भी राजद को मिली बढ़त
गोपालगंज विधानसभा सीट के उप चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान आ गए हैं। पहले राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद गोपालगंज से राजद उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता को 2713, जबकि भाजपा की उम्मीदवार कुसुम देवी को 1798 मत मिले हैं। यहां कुसुम देवी के पति सुबाष सिंह भाजपा के विधायक थे। उनके निधन के बाद सीट पर उप चुनाव हो रहा है।
मोकामा में राजद की नीलम देवी आगे
.webp)
मोकामा में राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी नीलम देवी ने शुरुआती रुझान में बढ़त बना ली है। इससे राजद के समर्थकों में काफी खुशी है। नीलम देवी को पहले राउंड में 4159 जबकि भाजपा की सोनम देवी को 3508 मत मिले हैं। यह सीट अनंत सिंह की रही है। अनंत सिंह को आर्म्स एक्ट में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता खत्म हो गई थी। इस बार उनकी पत्नी नीलम सिंह इस सीट से उम्मीदवार हैं।
गोपालगंज में 24 राउंड में पूरी होगी मतगणना

गोपालगंज - थावे डायट भवन में मतगणना के लिए बनाए गए है कुल 14 टेबल। 24 राउंड में पूरी होगी मतगणना। सदर प्रखंड के रामपुर टेंगराही पंचायत से शुरू होगी मतगणना। थावे प्रखंड के फुल्गुनी पंचायत में जाकर होगी संपन्न।
गोपालगंज, मोकामा में पोस्टल बैलेट के रुझान जल्द आएंगे
गोपालगंज में पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी हो गई है। मोकामा में भी पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी होने वाली है। आब्जर्वर से अनुमति के बाद शुरुआती रुझान जारी कर दिए जाएंगे। सुबह नौ बजे तक हम शुरुआती स्पष्ट रुझान मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
अनंत सिंह के आवास पर समर्थकों का जमावड़ा

मोकामा से राजद उम्मीदवार नीलम देवी के समर्थकों से पूर्व विधायक अनन्त सिंह का 1 मॉल रोड स्थित आवास भरा पड़ा है। वहां व्यवस्था देख रहे चंचल कुमार ने जीत के दावे के साथ बताया कि 15 हजार समर्थकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। भोजन में पूरी, सब्जी, रायता, चटनी और रसगुल्ले सहित अन्य व्यंजन बने हैं। दोनों प्रत्याशियों के आवास पर समर्थक अपने-अपने जीत के लिए आश्वस्त नजर आए।
शुरुआती रुझानों में राजद के लिए खुशखबरी
गोपालगंज और मोकामा में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू की गई। शुरुआती रुझान में खुशखबरी राष्ट्रीय जनता दल के लिए आई है। आधिकारिक पुष्टि होते ही हम विस्तृत जानकारी आपके साथ साझा करेंगे।
सोनम देवी ने पूजा-अर्चना कर लिया भगवान का आशीर्वाद
मतगणना से पहले भाजपा की उम्मीदवार सोनम देवी पूजा-अर्चना करते दिखीं। उनका एक वीडियो सामने आया। सोनम देवी मोकामा से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का सामना कर रही हैं। उनके पति ललन सिंह भी अनंत सिंह की ही तरह बाहुबली माने जाते हैं। इस सीट पर अनंत सिंह का लंबे समय से कब्जा है, हालांकि सोनम देवी और उनके पति ललन सिंह पहले भी कड़ी टक्कर देते रहे हैं।
बिहार में विधानसभा उप चुनाव के नतीजे आज आने हैं। मतगणना से पूर्व पूजा - अर्चना करतीं मोकामा से भाजपा प्रत्याशी सोनम देवी। pic.twitter.com/Y6EO1iJKmh
— Shubh Narayan Pathak (@PathakSNarayan) November 6, 2022
मोकामा से पटना पहुंचे बीजेपी और राजद के समर्थक

अनंत सिंह के घर दो हजार लोगों ने किया भोजन
अनंत सिंह के आवास पर शनिवार की सुबह से ही मिठाई तैयार करने का कार्य चल रहा है। समर्थकों के स्वागत की तैयारी कर ली गई है। पूर्व मंत्री कार्तिंक मास्टर ने बताया कि शनिवार की शाम में दो हजार लोगों को भोजन कराया गया। यहां आने वालों के लिए राउंड द क्लाक चाय की व्यवस्था की गई है। अनंत सिंह के गांव और मोकामा में भी पूरी तैयारी है।
सीसीटीवी से हो रही निगरानी
मोकामा के लिए हरेक टेबुल पर सीसी कैमरे से निगरानी होगी। त्रुटि रहित गिनती के लिए पर्यवेक्षकों को सजग रहने का निर्देश दिया है। मगणना केंद्र में सिर्फ प्राधिकार पत्र वाले लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी। केंद्र में मोबाइल, माचिस, तंबाकू सहित अन्य कोई प्रकार की आपत्ति जनक सामग्री लेकर प्रवेश वर्जित कर दिया गया है।
मोकामा में 25 टेबल पर होगी मतगणना
मोकामा विधानसभा उप-चुनाव का पहला रूझान सुबह 9.00 बजे से मिलने लगेगा। सुबह 8.00 बजे सर्विस वोट की गिनती के बाद ईवीएम खुल जाएंगे। 286 बूथों की गिनती के लिए 25 टेबुल बनाए गए हैं। कुल 11 चक्रों की गिनती में परिणाम आने की संभावना है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डा. चंद्रशेखर सिंह ने मतगणना कर्मियों और पर्यवेक्षकों को समय से अपनी प्रतिनियुक्ति स्थल पर तैनात होने का निर्देश दिया है।
बीजेपी उम्मीदवार सोनम देवी भी तैयार
मोकामा से बीजेपी उम्मीदवार सोनम देवी के पटना शिवपुरी स्थित आवास पर करीब एक हजार समर्थकों के रहने व खाने - पीने की व्यवस्था की गई है, जबकि रविवार को मतगणना स्थल आर्यभट्ट विश्वविद्यालय के सामने पाँच हजार समर्थकों के भोजन की व्यवस्था की गई है। सोनम देवी के एक समर्थक माधव कुमार ने बताया कि शिवपुरी स्थित आवास पर एक हजार लोगों के रहने व भोजन में पूरी, सब्जी, चटनी, रायता, पुलाव, दाल और रसगुल्ले बनाए गए हैं। लगातार समर्थकों का आना जारी है।
अनंत सिंह बनवा रहे चार तरह के रसगुल्ले
पटना में अनंत सिंह के सरकारी आवास पर चार तरह के रसगुल्ला, चार तरह की सब्जी सहित स्वादिष्ट भोजन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। दो बड़े-बड़े पंडल बनाए गए हैं। यहां की कमान पूर्व मंत्री कार्तिक मास्टर और राजद नेता आजाद गांधी संभाले हुए हैं। आजाद गांधी ने बताया कि जश्न मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। हजारों समर्थकों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जीत तय है।
अनंत सिंह के आवास पर जुटने लगे समर्थक
मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर मतगणना के एक दिन पहले से ही भोज शुरू हो गया है। बिरसा मुंडा गोलंबर के पास एक माल रोड में उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से इस बार अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी चुनाव लड़ी हैं। राजद समर्थकों का विश्वास है कि नीलम देवी जीत हासिल करेंगी।