विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: सरकार ने दिए दाम बढ़ाने के संकेत, 2 करोड़ पौधे तैयार करने का प्लान

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बिहार सरकार ने गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को प्रोत्साहित करने की पहल की है। 

राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते मंत्री संजय पासवान। (सोशल मीडिया)

राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते मंत्री संजय पासवान। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. 40 बीज उत्पादक किसान हर वर्ष दो करोड़ गन्ने के पौधे बनाएंगे।

  2. किसानों की आय बढ़ाने के लिए गन्ने की खेती का रकबा बढ़ेगा।

  3. 'गन्ना साथी चैटबॉट' और गन्ना रथ से किसानों को मिलेगी जानकारी।

राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार ने गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को प्रोत्साहित करने की पहल तेज कर दी है।

बिहार में करीब पांच लाख एकड़ में गन्ने की खेती होती है। वर्तमान में लगभग 40 बीज उत्पादक किसानों को प्रतिवर्ष करीब दो करोड़ पौधे तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को बामेती परिसर में गन्ना बीज उत्पादन पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्घाटन गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने किया।

उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला सिर्फ प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार में गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उत्पादन की मजबूत व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

किसानों की आमदनी बढ़ाना पहली प्राथमिकता

किसानों को गन्ने की खेती की ओर वापस लाना और उनकी आमदनी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार बंद चीनी मिलों को चालू करने और नई मिलें स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यशाला में नर्सरी प्रबंधन, आधार एवं प्रमाणित बीज उत्पादन तथा बीज उत्पादन से लेकर आपूर्ति एवं उपयोग तक की वैज्ञानिक प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई।

किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष पोर्टल 'गन्ना साथी चैटबाट' शुरू किया गया। वहीं, राज्य के सभी 38 जिलों में गन्ना रथ के माध्यम से किसानों को योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

मंत्री ने बीज उत्पादकों से रोगमुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बीज तैयार करने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की शिकायतों पर विभाग त्वरित कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि गन्ने के मूल्य में वृद्धि को लेकर सरकार प्रयासरत है।

गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी

विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य में चीनी मिलों की संख्या और उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

वर्तमान में चीनी मिलें औसतन लगभग 100 दिन ही चल पाती हैं, जबकि उन्हें कम से कम 140-150 दिन चलाने की आवश्यकता है। इसके लिए गन्ने की खेती का क्षेत्र विस्तार करना होगा।

गन्ना आयुक्त अनिल झा ने 20 से 30 प्रतिशत बीज प्रतिस्थापन दर पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। जमुई समेत नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती और महिला किसानों को नर्सरी उद्यम से जोड़ने की पहल भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा बिहार: शुरू होगी नई मुहिम, मछली-मांस की बिक्री के लिए खुलेंगे सेल प्वाइंट

यह भी पढ़ें- कम पानी और छोटी सी जगह में शुरू करें मशरूम की खेती, अचार और पाउडर बनाकर लाखों कमा रहीं भागलपुर की महिलाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।