विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा बिहार: शुरू होगी नई मुहिम, मछली-मांस की बिक्री के लिए खुलेंगे सेल प्वाइंट

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:25 PM (IST)

सरकार अब चौथे कृषि रोड मैप के तहत प्राकृतिक खेती के विस्तार और अंडा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करेगी। 

बिहार में अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने बनाया प्लान। (सांकेतिक तस्वीर)

बिहार में अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने बनाया प्लान। (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. चौथे कृषि रोड मैप से प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा।

  2. अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए नए सिरे से प्रयास होंगे।

  3. किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त करने पर बल।

राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार अब चौथे कृषि रोड मैप से प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिए किसानों को प्रोत्साहित करेगी। अंडा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नए सिरे से प्रयास किए जाएंगे।

कृषि भवन में कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) अरविंद चौधरी की अध्यक्षता में आठ वर्ष बाद 12 विभागों की हुई बैठक यह निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण विकास विभाग के समन्वय कर अंडा उत्पादन पर बल देने की ओर ध्यान आकृष्ट किया। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव का ध्यान विशेष रूप से आकृष्ट किया।

अगली बैठक में ग्रामीण विभाग के अधिकारियों को बुलाने के निर्देश दिए। कहा कि मछली एवं मांस की स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण बिक्री के लिए आधुनिक बिक्री केंद्र (सेल प्वाइंट) विकसित करें।

बिहार को बनाएं सशक्त

अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ाकर बिहार को इस क्षेत्र में और सशक्त बनाएं। 2018 के बाद कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में चतुर्थ कृषि रोड मैप की बैठक में प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की समीक्षा हुई।

चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल नए सिरे से शुरू हुई है।

किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने के लिए ग्रामीण बैंक एवं सहकारी बैंकों की विशेष रूप से सहभागिता बढ़ाने के पहल होगी।

चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत बाजार समितियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, जैविक कॉरिडोर के विस्तार, उद्यानिक फसलों के उत्पादन एवं क्षेत्र विस्तार तथा कृषि वानिकी को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

साथ ही, इन क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत सम्मिलित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

किसानों को मिले लाभ

साथ ही, एपीसी कृषि रोड मैप के निर्धारित उद्देश्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि बिहार के कृषि क्षेत्र का समग्र विकास हो, किसानों की आय में वृद्धि हो तथा राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

समीक्षा में कृषि विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उद्योग विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा सहकारिता विभाग के संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें- 2031 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में बनेंगे नए एयरपोर्ट, मुजफ्फरपुर-रक्सौल सहित 10 शहरों का बदलेगा नक्शा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।