कम पानी और छोटी सी जगह में शुरू करें मशरूम की खेती, अचार और पाउडर बनाकर लाखों कमा रहीं भागलपुर की महिलाएं
भागलपुर में आत्मा द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण में किसानों को कम लागत और कम जगह में मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी गई।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
कम लागत, कम जगह में मशरूम उत्पादन की जानकारी।
142 किसानों ने लिया दो दिवसीय प्रशिक्षण में भाग।
प्रसंस्करण, विपणन से स्वरोजगार के अवसर बढ़े।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। कम जमीन, कम पानी और कम लागत में मशरूम उत्पादन कर किसान अच्छी आमदनी कर सकते हैं। इसके लिए वैज्ञानिक तरीके से उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी होना जरूरी है।
इसी उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर की ओर से गुरुवार को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 142 महिला एवं पुरुष किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक प्रेमशंकर प्रसाद, उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह, वरीय वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर की प्रधान डॉ. अनिता कुमारी तथा मशरूम उद्यमी प्रशिक्षक स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मशरूम की विभिन्न किस्मों के उत्पादन की जानकारी
तकनीकी सत्र में डॉ. अनिता कुमारी ने बताया कि मशरूम पौष्टिक और औषधीय गुणों से भरपूर है। इसका उत्पादन कम भूमि और कम पानी में भी किया जा सकता है।
उन्होंने आयस्टर, बटन और मिल्की मशरूम के उत्पादन की प्रक्रिया समझाई। इसमें कंपोस्ट तैयार करने, गुणवत्तापूर्ण बीज (स्पान) की बुआई, तापमान एवं नमी का प्रबंधन, तुड़ाई, भंडारण और रोगों से बचाव की जानकारी दी गई।
जिला कृषि पदाधिकारी प्रेमशंकर प्रसाद ने कहा कि आत्मा के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से महिला और पुरुष किसान कृषि आधारित स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी का प्रयास दूसरे किसान परिवारों के लिए प्रेरणादायक है।
मशरूम के उत्पाद बनाकर भी कमा सकते हैं किसान
उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने मशरूम की पैकेजिंग, प्रसंस्करण और स्थानीय बाजार में बिक्री के तरीके बताए। उन्होंने महिला उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं को मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षक स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के बाद उन्होंने छोटे स्तर से मशरूम उत्पादन शुरू किया और अब इससे अच्छी वार्षिक आमदनी कर रही हैं। वे स्वयं स्पान तैयार करने के साथ मशरूम का अचार, बड़ी, सूखा मशरूम और पाउडर जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाकर बेचती हैं।
उन्होंने साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण बीज को सफल उत्पादन का आधार बताया। प्रायोगिक सत्र में किसानों को गेहूं के भूसे से खाद तैयार करने की विधि भी बताई गई। कार्यक्रम में आत्मा और कृषि विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अंत में प्रभात कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।