Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पीएम मोदी की जन्मतिथि से बिहार भाजपा शुरू करेगी सेवा पखवाड़ा, घर-घर पहुंचेंगे नेता

    Updated: Sat, 06 Sep 2025 07:20 AM (IST)

    भाजपा बिहार में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया गया है। युवा मोर्चा रक्तदान शिविर लगाएगा और स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित होंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी और खादी को बढ़ावा दिया जाएगा।

    Hero Image
    विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी की जन्मतिथि पर घर-घर पहुंचेगी भाजपा

    राज्य ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्म तिथि 17 सितंबर से बिहार भाजपा पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान चलाएगी। यह अभियान महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर तक चलेगा। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का यह घर-घर पहुंचने एवं मतदाताओं से संपर्क साधने का दूरगामी लक्ष्य है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को सेवा पखवाड़ा सह संपर्क अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों का दायित्व निर्धारित किया।

    कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल है, लेकिन राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राजनीतिक क्षेत्र में काम करती है, जो अन्य राजनीतिक दलों से इसे अलग करती है। उन्होंने कहा कि इसका दूसरा पहलू जनसेवा का है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान जनसेवा और रचनात्मक कार्य है।

    इससे पहले कार्यशाला का उद्घाटन दिलीप जायवाल, पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय किया। विजय सिन्हा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत भारत के लिए मजबूत भाजपा का होना बेहद जरूरी है। भाजपा की ताकत राष्ट्र भावना है। भाजपा का हर कार्यकर्ता इसी मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है।

    उन्होंने अधिक से अधिक गांवों तक पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने के लिए युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, अन्य पार्टी पदाधिकारी और नेता सम्मिलित हुए।

    फ्रंटल संगठन को बीड़ा

    सेवा पखवाड़ा का बीड़ा पार्टी की ओर से सीधे तौर पर फ्रंटल संगठनों को दिया गया है। 17 सितंबर को युवा मोर्चा की ओर से जिला स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। 17 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे।

    17 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वर्चुअल तरीके से पीएम मोदी का संबोधन भी सुनाया जाएगा। 25 सितंबर को पार्टी के प्ररेणा स्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी।

    इसके उपरांत दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती मनाते हुए वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ खादी वस्त्रों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। इसी तरह अन्य मोर्चा, मंच, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभाग को अभियान से संबंधित अलग-अलग दायित्व दिया गया है।

    comedy show banner
    comedy show banner