बिहार के बीएड कॉलेजों में बड़ा बदलाव, अब टीचर ट्रेनिंग के साथ होगी आर्ट्स-साइंस और कॉमर्स की पढ़ाई
राज्य मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद, बीएड कॉलेजों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बहुविषयक संस्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बीएड कॉलेज 2030 तक बहुविषयक संस्थान में बदलेंगे।
कला, विज्ञान, वाणिज्य के साथ व्यावसायिक शिक्षा भी मिलेगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्ता में सुधार होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य मंत्रिमंडल से स्वीकृति के बाद बीएड कॉलेज को बहुविषयक संस्थानों के रूप में विकसित करने की कार्य योजना तैयार की गई है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की गाइडलाइन के अनुरूप है।
इसमें वर्ष 2030 तक सरकारी और गैरसरकारी बीएड कॉलेज को बहुविषयक संस्थान में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। इन कॉलेज में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के स्नातक स्तर की भी पढ़ाई होगी।
उच्च शिक्षा विभाग की कार्य योजना के अनुसार बीएड कॉलेज अब केवल शिक्षक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि इन बीएड कॉलेज में स्नातक के अलावा कौशल आधारित और व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित होंगे। आवश्यकतानुसार एकल बीएड कॉलेज को नजदीक के अन्य डिग्री कॉलेज में मर्ज भी किया जाएगा।
एनसीटीई के निर्देश के तहत बीएड कॉलेज में पढ़ाई को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की भी पढ़ाई होगी।
विभाग ने सभी बीएड कॉलेज के साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बीआइटीई, पीटीईसी और सीटीई संस्थानों को बहुविषयक डिग्री महाविद्यालयों के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप इस बदलाव से शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विभिन्न शैक्षणिक विषयों के बीच समन्वय और उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक तैयारियां और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बिहार में PM मोदी का पोस्टर फाड़ना पड़ा भारी, 3 युवक गिरफ्तार; 161 के खिलाफ FIR
यह भी पढ़ें- गया के बाद अब पटना में भी खुलेगा IIM का कैंपस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ₹450 करोड़ के प्रोजक्ट का किया शिलान्यास